Indore News: खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियों से बरसा धन, गिनने वाले चौंके
इंदौर के खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियों से धन बरस रहा है, जहां 3 दिन में 1 करोड़ 13 लाख की राशि दान पेटियों से निकली है। मंदिर में 46 में से अब तक 34 दानपात्र खुले हैं। 20 कर्मचारियों का दल गिनती के काम में जुटा है। दानपेटियों से विदेशी मुद्रा के साथ भगवान गणेश से की गई प्रार्थना के कई पत्र निकले हैं। यह गिनती 3 दिन में पूरी हुई है।
इंदौर के प्रसिद्ध श्री खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये अनेक विकास कार्य करवाये जाएंगे। इसके लिये मास्टर प्लान लगभग तैयार हो गया है। इस मास्टर प्लान को अंतिम रूप देकर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। खजराना गणेश मंदिर में आगामी 7 सितंबर से 10 दिनी गणेश चतुर्थी महोत्सव भी प्रारंभ होगा।

इस महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा के लिए यहां खजराना गणेश मंदिर में प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा सहित अन्य अधिकारी और प्रबंध समिति के सदस्य मौजूद थे।
बैठक में खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जाने वाले कार्यों के संबंध में तैयार किए गए मास्टर प्लान के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही मास्टर प्लान का प्रजेंटेशन भी दिखाया गया।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि, इस मास्टर प्लान को अंतिम रूप देकर शीघ्र ही इसके अनुसार कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। बैठक में आगामी 7 सितंबर से प्रारंभ होने वाले 10 दिनी गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई।
बताया गया की, 7 सितंबर को सुबह 9:30 बजे ध्वजा पूजन के साथ यह महोत्सव प्रारंभ होगा। भगवान श्री गणेश का स्वर्ण आभूषणों के साथ विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर को फूलों एवं विद्युत रोशनी के साथ विशेष रूप से सजाया जायेगा। बैठक में दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बताया गया की प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी सवा लाख मोदक का भोग लगाया जाएगा। बाद में इसे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। मंदिर पहुंच मार्ग एवं निकासी मार्ग की मरम्मत के भी निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़े- Nag Panchami: इंदौर में 200 साल पुराना नागेश्वर मंदिर, जहां भक्तों को रोजाना होते हैं नाग-नागिन के दर्शन












Click it and Unblock the Notifications