हार्दिक पटेल को लेकर आया कमलनाथ का बड़ा बयान, बोले- हमें समझाने की करनी चाहिए कोशिश
इंदौर, 23 अप्रैल: गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल के बगावती तेवर के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का बड़ा बयान आया है, जिसमें कमलनाथ ने कहा कि, यह गुजरात कांग्रेस का अंदरूनी मामला है. यह भी कंपटीशन होता है हर पार्टी में, हमारे यहां से भी कई छोड़कर गए, अभी उत्तर प्रदेश के चुनाव में वह कहां है. यह हमेशा होता है, और गुजरात की अंदरूनी राजनीति मैं ज्यादा नहीं जानता, मैं गुजरात का इंचार्ज भी रहा हूं, जब मैं कांग्रेस का महामंत्री था. वहां राजनीतिक जागरूकता है. यह समझ जाते हैं, क्या सही है, क्या सही नहीं है. हार्दिक पटेल जन्म से तो कांग्रेस में थे नहीं, अब उनकी अंदरूनी अगर कोई ऐसी राजनीति है, तो हमें प्रयास करना चाहिए कि हम हार्दिक पटेल को समझाएं.

उधर, हार्दिक बोले - मैं पार्टी नहीं छोड़ रहा
गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहा है कि, वह पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं, और ना ही किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने जा रहे हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि, मेरी नाराजगी राहुल गांधी से नहीं है, ना ही मैं पार्टी छोड़कर कहीं जा रहा हूं. कुलमिलाकर, देखा जाए तो गुजरात में सियासत का सिलसिला तेज है, जहां कांग्रेस के खेमे में खलबली मची हुई है.
बदले-बदले नजर आ रहे हार्दिक पटेल
गुजरात की सियासत में इन दिनों कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हार्दिक पटेल चर्चा का विषय बने हुए हैं, जहां हार्दिक पटेल की बयानबाजी के चलते सियासी हलचल थमने का नाम नहीं ले रही. वहीं गुजरात की ये सियासत आने वाले दिनों में किस ओर करवट लेगी, ये वक्त बताएगा.
हाल ही में मध्यप्रदेश के अलीराजपुर भी आए थे हार्दिक पटेल
गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल हाल ही में मध्यप्रदेश के अलीराजपुर आए थे, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की थी.












Click it and Unblock the Notifications