MP: पुलिस हिरासत में संदिग्ध सरफराज, गृहमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
इंदौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रीन पार्क कॉलोनी से सरफराज नामक संदिग्ध को हिरासत में लिया था, जहां अब उससे पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है।

प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में NIA के अलर्ट के बाद हिरासत में लिए गए संदिग्ध सरफराज से इंदौर पुलिस की इंटेलिजेंस विंग लगातार पूछताछ कर रही है। सरफराज से पूछताछ के लिए मुंबई ATS की टीम भी इंदौर पहुंची है। NIA से अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने इंदौर की ग्रीन पार्क कॉलोनी में दबिश दी थी, जहां संदिग्ध सरफराज के ना मिलने पर टीम ने उसके माता-पिता को हिरासत में लिया था, जिसके बाद सरफराज ने रात में थाने में सरेंडर कर दिया था। वहीं पुलिस ने सरफराज से उसका मोबाइल, आईपैड समेत कई महत्वपूर्ण वस्तुएं जप्त की है, जिनकी जांच की जा रही है।
गृह मंत्री ने कही ये बात
इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है की, NIA का जो इनपुट मिला था, उससे ये सरफराज को इंदौर की पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह मध्यप्रदेश है, यहां कोई भी संदिग्ध व्यक्ति अपनी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहेगा तो उसे नहीं छोड़ेगी पुलिस, पुलिस तत्काल गंभीरता से जांच कर रही है, और जांच के बाद जो भी तथ्य आएंगे, उसके तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुछ ऐसा है मामला
आतंकी संगठन से मिले ईमेल की जांच में NIA को जानकारी मिली थी कि सरफराज नाम का व्यक्ति मुंबई में आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है, जिसके बाद जांच में उसका आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज इंदौर के होना पाए गए थे। वहीं इसके बाद NIA ने मुंबई और इंदौर पुलिस को अलर्ट किया था। अलर्ट के बाद इंदौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रीन पार्क कॉलोनी से सरफराज नामक संदिग्ध को हिरासत में लिया था, जहां अब उससे पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि, संदिग्ध सरफराज को हिरासत में लेकर गुप्त स्थान पर रखा गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई ATS की टीम इंदौर पहुंची है, जो संदिग्ध सरफराज से पूछताछ करेगी।
ये भी पढ़े- MP: त्योहारों के मौसम में सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, माहौल खराब करने वालों को मिलेगी सख्त सजा












Click it and Unblock the Notifications