Indore news: स्वतंत्रता दिवस पर दिखा देशभक्ति का जज्बा, मंत्री तुलसी सिलावट ने किया ध्वजारोहण
इंदौर जिले में आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत घर-घर फहराये गये राष्ट्रीय ध्वजों के बीच आज स्वतंत्रता दिवस का महापर्व देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ मनाया गया। पूर्ण गरिमा, उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा रस्मी परेड की सलामी ली।
कार्यक्रम में अपार उत्साह और उमंग के साथ राष्ट्रीय धुन के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय महापर्व पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत इंदौर जिले का हर घर तिरंगामय था। समारोह में पहली बार शामिल लाड़ली बहना सेना की सदस्यों की परेड आकर्षण का केन्द्र रही। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई।

मंत्री सिलावट ने किया परेड का निरीक्षण
मुख्य समारोह में मंत्री तुलसी सिलावट ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी तथा पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर भी थे। समारोह में मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। समारोह में सशस्त्र बलों ने स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के साथ हर्ष फायर किये। खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े गये।
15 दलों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड
परेड का नेतृत्व आईपीएस अभिषेक रंजन ने किया। उनका अनुसरण टूआईसी गजेन्द्र सिंह निगवाल ने किया। परेड में कुल 15 दलों ने भाग लिया। इसमें सीमा सुरक्षा बल, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल(पुरूष), जिला पुलिस बल (महिला), नगर सेना, यातायात पुलिस, एनसीसी (महिला), स्काउट, गाईड, आरआई ग्रुप, रेडक्रॉस, शौर्या दल तथा लाड़ली बहना सेना का दल प्रमुख रूप शामिल थे। बीएसएफ तथा प्रथम वाहिनी के बैंड ने सुमधुर स्वर लहरियों के साथ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की संगीतमयी प्रस्तुतियाँ दी।
बच्चों ने दी प्रस्तुतियां
समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। समारोह में शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीलाकाश विद्यालय, अहिल्या आश्रम क्रमांक-1 और 2, झाबुआ से आए भगोरिया दल और रागिनी मक्खर के दल द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। अनुभूति सेवा संस्थान के दल द्वारा मतदाता जागरूकता आधारित गीत प्रस्तुत किया गया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूलों को भी पुरस्कृत किया गया।
ये भी पढ़े- Independence day 2023: BJP कार्यालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, कार्यकर्ताओं ने किया झंडा वंदन












Click it and Unblock the Notifications