शादी का कार्ड नहीं बल्कि ये है कांग्रेस का 'लोकतंत्र मनुहार', तस्वीरों में देखिए झलक
इंदौर, 30 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इन दिनों नगर निगम चुनाव की हलचल तेज है, जहां कांग्रेस भी नगर निगम चुनाव के मैदान में जुटी हुई नजर आ रही है। शहर में लगातार कांग्रेस का जनसंपर्क जारी है, जहां वालों में पार्षद प्रत्याशी तो वहीं नगर में महापौर प्रत्याशी अपना दम दिखाते नजर आ रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नगर निगम चुनाव में जनता तक पहुंचने के लिए अलग-अलग नवाचार भी कर रही है, जहां अब धीरे-धीरे कांग्रेस के नवाचार रंग लाते नजर आ सकते हैं।

कांग्रेस ने नया फार्मूला अपनाया
कांग्रेस ने मतदान के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए एक नया फार्मूला अपनाया है, जिसके तहत कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला और वार्ड क्रमांक 69 से कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी शिखा मधुसूदन भलिका के समर्थन में कांग्रेस मांगलिक कार्य के लिए छापी जाने वाली पत्रिका की तर्ज पर लोकतंत्र "मनुहार पत्रिका" छपवाई है, जिसे पीले चावल के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के व्यापारिक संगठन के अध्यक्ष सराफा, कपड़ा मार्केट, शक्कर बाजार,पीपली बाजार,सहित रहवासी संघ के अध्यक्ष को तक पहुंचाया जाएगा, और निवेदन किया जाएगा की लोकतंत्र के इस महायज्ञ में आपकी आशीर्वाद रूपी मतदान की आहुति अवश्य दें, और कांग्रेस प्रत्याशी को विजय बनाएं।

सभी प्रत्याशियों को दी जाएगी पत्रिका
नगर निगम चुनाव के मैदान में जुटी कांग्रेस की ये लोकतंत्र मनुहार पत्रिका सभी 85 वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशी को दी जाएगी, ताकि की वो अपने वार्ड के प्रमुख व्यापारिक संगठनों, रहवासी संगठनों को लोकतंत्र मनुहार पत्रिका दे सकें। कुल मिलाकर देखा जाए तो कांग्रेस अब नगर निकाय चुनाव के मैदान में जुटी हुई नजर आ रही है जहां कांग्रेस लंबे वक्त के बाद एक बार फिर इंदौर नगर निगम की सत्ता में काबिज होने के लिए अपना पूरा दम लगा रही है।

कमलनाथ का नाम दर्शनाभिलाषी के तौर पर लिखा गया
शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल,गिरीश जोशी और घनश्याम जोशी ने बताया की, हमने यह लोकतंत्र मनुहार इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के माध्यम से बनवाई है। यह पहली बार इंदौर या पूरे देश के अंदर मनुहार वितरित की जाएगी। इस लोकतंत्र मनुहार पत्रिका पर एक नजर डालें तो इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का नाम दर्शनाभिलाषी के तौर पर लिखा गया है। साथ ही इस पत्रिका में कांग्रेस के और भी दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं।
ये भी पढ़े- AIMIM को लगा बड़ा झटका, इंदौर में नहीं मिली औवेसी की सभा को मंजूरी












Click it and Unblock the Notifications