Indore News: बम का डर, सन्नाटे में गूंजती सायरन की आवाजें, ट्रेजर आइलैंड से स्टेडियम तक क्यों थम गया शहर
MP News: शहर की सुबह आम दिनों की तरह शुरू हुई थी-मॉल में लोग खरीदारी में जुटे थे, अस्पतालों में मरीज कतार में थे, एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही जारी थी। लेकिन ठीक 10:20 बजे ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट में दाखिल हुए स्निफर डॉग्स और हथियारबंद BDDS जवानों ने जैसे शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
कुछ ही मिनटों में मॉल की हर दुकान, हर डस्टबिन और हर कोने की तलाशी शुरू हो गई। जिन हाथों में कुछ देर पहले शॉपिंग बैग्स थे, अब उनमें मोबाइल कैमरे थे-लोग चुपचाप इस "मिस्ट्री मिशन" की तस्वीरें लेने लगे। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि ये सिर्फ ड्रिल है या सच में खतरा?

Indore News Bomb: एक ईमेल, जिसने मचाया हड़कंप
दरअसल, हड़कंप की नींव शुक्रवार रात रखी गई थी, जब मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में साफ लिखा था। ऑपरेशन सिंदूर का जवाब तैयार है। होलकर स्टेडियम बम की आग में खाक होगा।
संदेश में भारत की हालिया सैन्य कार्रवाई का बदला लेने और पाकिस्तानी स्लीपर सेल्स के सक्रिय होने का दावा किया गया। स्टेडियम, जहां हाल ही में IPL मैच आयोजित हुआ था, तुरंत खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते ने 5 घंटे की जांच की। कुछ नहीं मिला, लेकिन डर बाकी रह गया।
Indore News Bomb: मॉल की तलाशी, धड़कनों की रफ्तार बढ़ी
शनिवार सुबह ट्रेजर आइलैंड मॉल में BDDS की टीम दाखिल हुई। फूड कोर्ट के बर्गर स्टॉल से लेकर शॉपिंग काउंटर तक सब कुछ खंगाला गया। वॉशरूम, छत, बेसमेंट-कहीं कोई लावारिस बैग, कोई संदिग्ध चीज तो नहीं? एक दुकानदार ने कहा, "पुलिस इतनी बार पूछ रही थी कि स्टाफ ने पूछ लिया-'साहब, कुछ सच में है क्या?' पुलिस ने कहा-'बस सतर्क रहो, इस बार फर्जी भी हो सकता है, लेकिन अगली बार असली निकला तो?'"
सिर्फ मॉल नहीं, अस्पताल से कोर्ट तक अलर्ट
टीआई मॉल के बाद टीम पहुंची शेल्बी हॉस्पिटल-जहाँ बीमारों की सांसें और तेज़ हो गईं। मरीजों और परिजनों को समझ नहीं आ रहा था कि इलाज करवाएं या बाहर निकल जाएं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, जिला कोर्ट और सेंटर मॉल-शहर के लगभग हर अहम स्थान पर पुलिस और BDDS का सघन अभियान चला। हर कोने में तलाशी, हर मुस्कान के पीछे चिंता।
IPL पर भी पड़ा असर
धमकियों का असर सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं रहा। IPL 2025 को लेकर बीसीसीआई ने बचे हुए मैच अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए हैं। अहमदाबाद, जयपुर, कोलकाता, दिल्ली-हर स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं। भारत-पाक तनाव इस समय अपने चरम पर है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान पूरी तरह बौखलाया हुआ है, और उसकी रणनीति अब जमीन पर नहीं, साइबर और मनोवैज्ञानिक मोर्चों पर दिखाई दे रही है।
धमकी फर्जी या खतरनाक खेल की शुरुआत?
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम इस धमकी वाले ईमेल की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह ईमेल किसी पुराने टेम्पलेट से कॉपी-पेस्ट किया गया लग रहा है, लेकिन जैसा कि एक अधिकारी ने कहा कि आज के दौर में फर्जी और असली के बीच की रेखा बहुत धुंधली हो गई है। और जब बात देश की सुरक्षा की हो, तो हर फर्जी खतरा भी असली मानना पड़ता है।
अंदर ही अंदर खौफ बढ़ता जा रहा है
इंदौर जैसे स्मार्ट और शांत शहर में जब अचानक बम निरोधक टीम, पुलिस, मेटल डिटेक्टर्स और स्निफर डॉग्स नजर आने लगें, तो आम आदमी की दिनचर्या से लेकर सोच तक बदल जाती है। एक महिला ग्राहक ने कहा, "हम सुबह बच्चों के साथ मॉल आए थे। अचानक इतनी पुलिस देखकर लगा कि शायद कोई हमला हो गया है। अब घर लौट रहे हैं, लेकिन डर साथ ले जा रहे हैं।"
एक ओर ये डर, दूसरी ओर प्रशासन की सतर्कता। तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र यादव कहते हैं, "हमारा काम है खतरे से पहले खतरे को पकड़ना। जनता घबराए नहीं, लेकिन सतर्क रहे।"
क्या कहता है एक्सपर्ट नजरिया?
रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी एस.के. सिंह का मानना है कि ये घटनाएं पाकिस्तान की "पैरेलल वारफेयर" रणनीति का हिस्सा हैं "सीधी लड़ाई में वो हार रहा है, तो अब डर पैदा करके देश को भीतर से कमजोर करने की कोशिश करेगा। स्लीपर सेल्स, साइबर अटैक, बम धमकियों से माहौल बिगाड़ा जा रहा है। लेकिन हमारी तैयारियां इससे कहीं ज्यादा मजबूत हैं।"
सुरक्षा और सुकून के बीच एक जंग
इंदौर इस वक्त हाई अलर्ट पर है-न केवल अपनी सुरक्षा के लिए, बल्कि यह साबित करने के लिए कि डर नहीं, संयम और सतर्कता ही हमारी ताकत है। हर डस्टबिन की जांच, हर लावारिस बैग की पड़ताल, हर ईमेल की साइबर फॉरेंसिक जांच... ये सब इस बात के प्रतीक हैं कि भारत अब सिर्फ सरहद पर नहीं, हर गली और गलीचे में भी मुस्तैद है। "यह जंग चुपचाप लड़ी जा रही है... लेकिन जीत हर बार हमारी ही होगी।"












Click it and Unblock the Notifications