हरियाणा: योगेश्वर दत्त ने बरोदा सीट से भरा नामांकन, किरण रिजिजू भी रहे मौजूद
चंडीगढ़: रेसलर योगेश्वर दत्त ने शुक्रवार को बीजेपी के टिकट पर सोनीपत में बरोदा विधानसभा सीट से नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ खेल राज्यमंत्री किरण रिजिजू भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले योगेश्वर दत्त ने रोड शो निकाला। रोड शो के बाद उन्होंने गोहाना के उप लघु सचिवालय में एसडीएम कार्यालय में नामांकन भरा। गौरतलब है कि
हरियाणा में 21 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।

किरण रिजिजू ने योगेश्वर के नामांकन में अपनी मौजूदगी के बारे में ट्वीट भी किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि योगेश्वर दत्त, ओलंपिक मेडलिस्ट और बड़ौदा से बीजेपी उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मैं भी मौजूद रहा। रिजिजू ने योगेश्वर दत्त के नामांकन के मौके पर कहा कि योगेश्वर दत्त ने पहले खेल से देश की सेवा की और अब राजनीति में आकर समाज और जनता की सेवा करेंगे। गौरतलब है कि पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह और योगेश्वर दत्त 27 सितंबर को बीजेपी में शामिल हुए थे।
वहीं योगेश्वर दत्त ने नामांकन पर कहा कि मैं अपने आलाकमान और बड़े आला नेताओं का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे बीजेपी से टिकट दिया। मैं लोगों की, खासकर बरोदा विधानसभा की हर एक समस्या को विधानसभा में उठाऊंगा और सबका साथ सबका विकास जो मनोहर लाल खट्टर ने दिया है उसको पूर्णता निभाऊंगा।
योगेश्वर दत्त ने 2012 लंदन ओलंपिक खेलों में 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था, केडी जाधव और सुशील कुमार के बाद वे देश के तीसरे पहलवान हैं जिन्होंने ओलंपिक खेलों में कुश्ती में पदक जीता है।
ये भी पढ़ें- भाजपा से टिकट मिलने पर पहलवान योगेश्वर दत्त ने बताया क्यों लिया राजनीति से जुड़ने का फैसला












Click it and Unblock the Notifications