यति नरसिंहानंद आज जमानत पर होंगे रिहा, भड़काऊ भाषण देने के मामले में पिछले महीने हुई थी गिरफ्तारी
नई दिल्ली, फरवरी 16। हरिद्वार में भड़काऊ भाषण और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के मामले में पिछले महीने गिरफ्तार हुए यति नरसिंहानंद को आज जमानत पर रिहा किया जाएगा। आपको बता दें कि हरिद्वार पुलिस ने यति नरसिंहानंद को 15 जनवरी को गिरफ्तार किया था। आपको बता दें नरसिंहानंद को जमानत तो पहले ही मिल गई थी, लेकिन उन्हें रिहा आज किया जाएगा। उनके जेल से बाहर आने की खबर के बाद से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।

क्या बयान दिया था नरसिंहानंद ने?
आपको बता दें कि हरिद्वार में आयोजित धर्म संसद में यति नरसिंहानंद ने कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिया था। ऐसा आरोप है कि उन्होंने कहा था कि हिंदू ब्रिगेड को हमेशा मुसलमानों के खिलाफ बड़े और बेहतर हथियारों से लैस रहना चाहिए, यही समाधान का रास्ता है। आपको बता दें कि गाजियाबाद के डासना मंदिर के पुजारी यति नरसिंहानंद हरिद्वार में तीन दिवसीय धर्म संसद के आयोजकों में से एक थे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दिसंबर 2021 में हरिद्वार में आयोजित एक धार्मिक सभा या 'धर्म संसद' में, कई हिंदू पुजारियों ने कथित तौर पर इस्लाम के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिए थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर सभी पुजारियों के वो बयान तेजी से वायरल हुए थे। अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा भड़काने वाले भड़काऊ भाषणों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुईं और उसमें यति नरसिंहानंद के अलावा 10 से अधिक लोगों के नाम हैं।
एक बार हो चुकी थी याचिका खारिज
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरसिंहानंद को 15 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद नरसिंहानंद ने सीजीएम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, लेकिन उनकी अर्जी को खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने डिस्ट्रिक्ट सेशन कोर्ट में याचिका लगाई, जिस पर मंगलवार को जिला सत्र न्यायाधीश/ द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश भारत भूषण पांडे ने सुनवाई की और उनकी याचिका मंजूरी मिल गई है।












Click it and Unblock the Notifications