Yasin Malik को फांसी का डर, बीवी Mushaal को देंगे तलाक? बोले-'विधवा की तरह न जीने दूंगा', पाक की प्रेमकहानी!
Yasin Malik News Update: तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे कश्मीरी अलगाववादी नेता यासीन मलिक ने अपनी पत्नी मुशाल हुसैन मलिक से अलग होने की इच्छा जताई है। जम्मू की TADA/POTA अदालत में दाखिल 25 पन्नों के हलफनामे में मलिक ने पत्नी, मां और 13 साल की बेटी रजिया सुल्ताना के लिए संदेश लिखा है। इसमें उसने पत्नी को अपनी जिंदगी आगे बढ़ाने की बात कही है।
मलिक का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी पत्नी और परिवार से सामान्य तरीके से संपर्क नहीं कर पा रहा है। उसने दावा किया कि करीब आठ साल से उसकी मुशाल से न फोन पर बात हुई है और न वीडियो कॉल के जरिए बातचीत हो सकी है।

'मुशाल को इस हालात का बोझ नहीं उठाना चाहिए'
हलफनामे में मुशाल के नाम लिखे संदेश में यासीन मलिक ने कहा कि अलग होने का फैसला उसने बेहद पीड़ा के बीच लिया है। उसका कहना है कि वह नहीं चाहता कि उसकी पत्नी अपनी पूरी जिंदगी मौजूदा परिस्थितियों की चिंता में गुजारे।
मलिक ने लिखा कि वह मुशाल को 'विधवा की तरह' जिंदगी जीते नहीं देखना चाहता। वह चाहता है कि मुशाल सम्मान और उम्मीद के साथ अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करे।
फांसी की आशंका का भी जिक्र
यासीन मलिक ने अपने हलफनामे में अपने खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई और भविष्य को लेकर आशंका जताई है। उसने फांसी की सजा की संभावना का जिक्र करते हुए कहा कि उसके सामने या तो मृत्युदंड का खतरा है या फिर लंबे समय तक जेल में रहने की स्थिति। इसी अनिश्चितता को देखते हुए उसने पत्नी को इस रिश्ते से मुक्त करने की इच्छा जताई है। उसका तर्क है कि मुशाल को उसके भविष्य को लेकर लगातार चिंता और अनिश्चितता में नहीं रहना चाहिए।

बेटी रजिया से कहा- दादी का ख्याल रखना
यासीन मलिक ने अपनी 13 वर्षीय बेटी रजिया सुल्ताना के लिए भी संदेश लिखा है। उसने बेटी से अपनी दादी का ख्याल रखने और उनसे नियमित बातचीत करने को कहा। मलिक ने बेटी को सलाह दी कि वह हर दिन कम से कम पांच मिनट अपनी दादी से बात करे, ताकि परिवार के इस मुश्किल दौर में उन्हें अकेलापन महसूस न हो। हालांकि, हलफनामा सामने आने के बाद रजिया की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एक वीडियो संदेश में उसने अपने पिता के कथित तलाक के फैसले पर नाराजगी जताई और कहा कि अगर उसके पिता ने वास्तव में उसकी मां को तलाक दिया तो वह अपनी जान दे देगी।
2019 से जेल में बंद है यासीन मलिक
यासीन मलिक 2019 से जेल में बंद है। उसे टेरर फंडिंग मामले में मई 2022 में NIA की विशेष अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अदालत ने उसे आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने समेत कई मामलों में दोषी ठहराया था। NIA ने उसकी उम्रकैद की सजा को मृत्युदंड में बदलने की मांग की है। इसी वजह से मलिक के मामले में मौत की सजा की आशंका का मुद्दा लगातार चर्चा में रहा है। इसके अलावा जम्मू में उसके खिलाफ एक पुराने हत्या मामले की कानूनी कार्यवाही भी चल रही है। ऐसे में जेल से सामने आया उसका यह हलफनामा उसके निजी जीवन के साथ-साथ उसके खिलाफ चल रही कानूनी लड़ाई को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Who Is Yasin Malik : यासीन मलिक कौन है?
यासीन मलिक कश्मीर के अलगाववादी नेता और जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। उनका जन्म 3 अप्रैल 1966 को श्रीनगर के मैसूमा इलाके में हुआ था। उन्होंने 1980 के दशक में कश्मीर के अलगाववादी आंदोलन में सक्रिय भूमिका शुरू की और बाद में JKLF के प्रमुख नेताओं में शामिल हुए। यासीन मलिक का शुरुआती दौर सशस्त्र उग्रवाद से जुड़ा रहा। हालांकि, 1994 में उन्होंने सशस्त्र संघर्ष छोड़ने और शांतिपूर्ण राजनीतिक रास्ता अपनाने की घोषणा की। इसके बाद वे कश्मीर के अलगाववादी राजनीतिक आंदोलन में सक्रिय रहे।

Yasin Malik Wife Mushaal Love Marriage: यासीन मलिक की पत्नी मुशाल कौन हैं?
मुशाल हुसैन मलिक पाकिस्तान की कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनका नाम Mushaal Hussein Mullick भी लिखा जाता है। उनका जन्म पाकिस्तान में हुआ और उन्होंने London School of Economics (LSE) से पढ़ाई की। यासीन और मुशाल की पहली मुलाकात 2005 में पाकिस्तान में हुई थी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मुशाल यासीन के भाषण से प्रभावित हुई थीं। इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने और 22 फरवरी 2009 को पाकिस्तान में दोनों का निकाह हुआ। मुशाल को 2023 में पाकिस्तान की तत्कालीन कार्यवाहक सरकार में मानवाधिकार और महिला सशक्तीकरण मामलों की प्रधानमंत्री की विशेष सलाहकार बनाया गया था। उनका कार्यकाल 2025 में उस अंतरिम सरकार के समाप्त होने के साथ खत्म हुआ।


Click it and Unblock the Notifications
