Wrestlers Protest: 'वो एथलीट पहले...', पीटी उषा से मिलने के बाद बोले बजरंग पुनिया, देखें Video
Wrestlers Protest: बृजभूषण शरण सिंह लगातार अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इंकार कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उनके खिलाफ साजिश हो रही है।

Wrestlers Protest: पहलवान रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले 11 दिनों से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों से मिलने आज भारतीय ओलपिंक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा पहुंचीं। आपको बता दें कि इससे पहले पीटी उषा ने पहलवानों के धरने पर एतराज जताया था। उनका कहना था कि 'पहलवानों को धरने पर बैठने से पहले हमसे बात करनी चाहिए थे, इस तरह से तो वो देश की छवि खराब कर रहे हैं।'
पीटी उषा का बयान निराशाजनक
जिस पर धरने पर बैठे पहलवानों ने पीटी उषा के बयान पर निराशा जताते हुए कहा था कि 'उनकी बात सुनकर अच्छा नहीं लगा। वो एक महिला होकर महिला पहलवानों का दर्द नहीं समझ रही हैं। वो सबकी रोल मॉडल रही हैं, ऐसे में सबको उनसे बहुत उम्मीद थी लेकिन उनका ये बयान काफी दुखी करने वाला है। जब एक कद्दावर नेता महिला पहलवानों के साथ गलत करता तब देश की छवि खराब नहीं होती, हम शांति से अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं तो इमेज खराब हो रही है। ये सरासर गलत बात है।'
विरोधी दलों के भी निशाने पर थीं पीटी उषा
अपने बयान की वजह से पीटी उषा केवल धरना दे रहे पहलवानों के ही निशाने पर नहीं थीं बल्कि वो विरोधी दलों के भी निशाने पर थीं। कांग्रेस और शिवसेना की ओर से उनकी इस बात का विरोध किया गया था। आज पीटी उषा धरना स्थल पर जाकर पहलवानों से मिली हैं, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
'वो एथलीट पहले हैं बाद में कुछ और'
पीटी उषा से मिलने के बाद पहलवान बजरंग पुनिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'उन्होंने हमसे बात की और कहा कि वो हमारे साथ खड़ी हैं, वो एथलीट पहले हैं बाद में कुछ और। उन्होंने कहा कि वह हमारी समस्या पर गौर करेंगी और जल्द से जल्द इसका समाधान करेंगी। बृजभूषण शरण सिंह के जेल जाने तक हम यहीं रहेंगे।'
7 महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया
गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह पर एक नाबालिग समेत 7 महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। पहलवानों ने न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह पर दो केस दर्ज किए हैं। पहला केस उन पर एक महिला के साथ यौन शोषण, धमकाने, पीछा करने के लिए दर्ज हुआ है। जबकि दूसरा केस उन पर पॉक्सो अधिनियम धारा दस के तहत दर्ज हुआ है।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बात दबाने की कोशिश की
मालूम हो कि महिला पहलवान विनेश फोगाट ने उस वक्त लोगों को चौंका दिया, जिस वक्त उन्होंने कहा कि 'किसी ताकतवर व्यक्ति के खिलाफ खड़े हो पाना काफी मुश्किल होता है, खासकर ऐसे व्यक्ति के खिलाफ जो लंबे समय से उस पद पर हो , आपको केवल उससे नहीं बल्कि पूरे सिस्टम से लड़ना पड़ता है। हमने अपनी बात खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से कही थी लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि जांच कमेटी का गठन करके मामले को दबाने की कोशिश की, हमें मजबूरी में धरने पर बैठना पड़ा है लेकिन हम हार नहीं मानेंगे।'
#WATCH | Indian Olympic Association president PT Usha leaves from Delhi's Jantar Mantar where wrestlers are protesting. pic.twitter.com/RsF8XFHIAp
— ANI (@ANI) May 3, 2023












Click it and Unblock the Notifications