तो क्या सांसद बनने के बाद अमित शाह को ये मंत्रालय देंगे नरेंद्र मोदी?
कई मंत्रालयों में पूर्णकालिक मंत्री ना होने के चलते भी मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार तय माना जा रहा है।
नई दिल्ली। बिहार में चली लंबी सियासी उठापटक के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात से राज्यसभा की सीट के लिए नामांकन कर दिया है। विधायकों का गणित देखते हुए उनका राज्यसभा सांसद बनना भी तय है। शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए बलवंत सिंह राजपूत ने भी गुजरात से राज्यसभा के लिए नामांकन किया है। इस बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद क्या अमित शाह को मोदी कैबिनेट में भी जगह दी जाएगी?

गुजरात से राज्यसभा सांसद बनेंगे शाह
मोदी कैबिनेट में अगले महीने फेरबदल की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स और सियासी गलियारों में चल रही सुगबुगाहटों को सही मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमित शाह के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्हें केंद्रीय कैबिनेट में शामिल कर सकते हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि शाह को गुजरात से राज्यसभा में भेजा जा रहा है और इसी साल के अंत में गुजरात में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं।
Recommended Video


क्या मंत्रिमंडल में किया जाएगा शामिल
मनोहर पर्रिकर के गोवा की राजनीति में वापस लौटने के बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री का पद लंबे समय से खाली चल रहा है। फिलहाल वित्त मंत्री अरुण जेटली रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं। चर्चा है कि राज्यसभा में अमित शाह के जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमित शाह को रक्षा मंत्री बना सकते हैं। हालांकि इस बारे में पुख्ता तौर पर अभी कोई बयान या जानकारी नहीं है। अमित शाह के रक्षा मंत्री बनने के केवल कयास लगाए जा रहे हैं।

तो क्या रक्षा मंत्री बनेंगे अमित शाह
दरअसल, भारत-चीन सीमा विवाद और पाकिस्तान के साथ बॉर्डर पर चल रहे तनाव के बीच विपक्ष समेत खुद भाजपा के सहयोगी दल इस बात को लेकर सवाल उठा चुके हैं कि देश के पास एक पूर्णकालिक रक्षा मंत्री तक नहीं है। पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही यह पद अतिरिक्त कार्यभार के रूप में संभाला जा रहा है। चर्चा है कि जल्द ही इस पद पर किसी ऐसे नेता को शपथ दिलाई जा सकती है, जो रक्षा से जुड़े फैसलों पर गंभीर फैसले लेने में सक्षम हो।

अगले महीने मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। वेंकैया नायडू सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे। उनके इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार और नरेंद्र सिंह तोमर को शहरी विकास मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। कई मंत्रालयों में पूर्णकालिक मंत्री ना होने के चलते भी मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications