'डॉक्टर ने कहा- ये केवल आपका मोटापा है, लेकिन मेरे सूजे हुए पैरों की दर्दभरी हकीकत कुछ और थी'
टेक्सास के ऑस्टिन की रहने वाली इस महिला का नाम थेरेसा है, जो लिपोडेमा नाम की बीमारी से ग्रसित हैं।
ऑस्टिन: अक्सर जीवन में कई बार ऐसे मोड़ आते हैं, जब इंसान की हिम्मत जवाब दे जाती है और वो हालात के सामने बेबस हो जाता है। लेकिन, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो हालात से ना केवल लड़ते हैं, बल्कि उन हालातों को अपनी एक उपलब्धि भी बना लेते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ इस महिला के साथ, जिसके पैरों में एक ऐसी बीमारी थी, जिसकी वजह से उसके पैरों में बहुत ज्यादा सूजन आ गई। हालांकि इस महिला ने हार नहीं मानी और हालात से लड़ते हुए सोशल मीडिया पर इस बीमारी के खिलाफ लोगों को जागरुक करना शुरू कर दिया।

क्या है महिला की पूरी कहानी
द डेली स्टार की खबर के मुताबिक, टेक्सास के ऑस्टिन की रहने वाली इस महिला का नाम थेरेसा है, जो लिपोडेमा नाम की बीमारी से ग्रसित हैं। इस बीमारी में पैरों पर बहुत ज्यादा सूजन आ जाती है, जिसके चलते उनके पैरों में दर्द भी रहने लगा था। हालांकि थेरेसा जब अपनी समस्या को लेकर इस बीमारी के स्पेशलिस्ट डॉक्टर के पास गईं तो उन्होंने एक नजर देखते ही कहा कि आपके पैरों पर कोई सूजन नहीं है, बल्कि ये आपका मोटापा है।

'आठ साल की उम्र से ही बड़े पैरों की समस्या से पीड़ित थी'
थेरेसा ने अपनी इस दर्दभरी कहानी के बारे में बात करते हुए बताया, 'मैं आठ साल की उम्र से ही बड़े पैरों की समस्या से पीड़ित थी, लेकिन जैसे-जैसे उम्र आगे बढ़ती गई, मेरे घुटनों से ऊपर का हिस्सा भी बड़ा होने लगा और साथ ही मेरी पिंडलियों में दर्द रहने लगा। उसी दौरान अपने लिए कुछ खास मोजे खरीदारी के लिए मैं एक शॉपिंग स्टोर गई और वहां काम करने वाली एक महिला ने जब मेरे पैरों को देखा तो उसने बताया कि ये लिपोडेमा बीमारी है और उसने मुझे एक पर्चा देते हुए एक डॉक्टर के बारे में बताया।'

'मैंने लिपोडेमा के बारे में पहले से सुन रखा था और...'
थेरेसा ने आगे कहा, 'मैंने लिपोडेमा के बारे में पहले से सुन रखा था और इस बारे में कुछ ऑनलाइन खोजबीन भी की थी। लेकिन, उस स्टोर में महिला ने जिस तरह से मुझे मेरी समस्या और उसके डॉक्टर के बारे में बताया, सुनकर मेरी आंखें नम हो गईं। हालांकि उसके दिए हुए पर्चे को लेकर जब मैं डॉक्टर के पास पहुंची तो उसने मुझे देखते ही कहा कि ये कोई सूजन नहीं है, बल्कि केवल आपका मोटापा है।'

'कभी-कभी हाथ भी सूजने लगते हैं'
अपनी कहानी के बारे में थेरेसा ने आगे बताया, 'डॉक्टर की ये बात सुनने के बाद मेरे मन को तसल्ली नहीं हुई और मैं एक दूसरे स्पेशलिस्ट डॉक्टर के पास गई। वहां डॉक्टर ने जब मुझे देखा और ठीक से जांच की तो बताया कि मुझे लिपोडेमा और लिम्फेडेमा दोनों हैं। ये एक ऐसी बीमारी है, जिसमें इंसान के पैर और कभी-कभी हाथ भी इस हद तक सूजने लगते हैं कि दिन-ब-दिन जीवन कठिन हो जाता है। और, इस स्थिति में असहनीय दर्द होता है।'

'ऑफिस में काम करते हुए पैरों को ऊपर उठाकर रखना पड़ता'
थेरेसा ने कहा, 'अपनी बीमारी का पता चलने के बाद मैंने डॉक्टर से इलाज कराना शुरू किया। हालांकि हर दिन मेरे लिए लाइफ एक नई मुश्किल बनती गई और अपने पैरों की सूजन और दर्द को कंट्रोल करने के लिए मुझे कस्टम फिट कंप्रेशन मोजे पहने पड़े। यहां तक कि ऑफिस में काम करते हुए भी मुझे अपने पैरों को ऊपर उठाकर रखना पड़ता।'

'अपने लिए अपने साइज की चेयर तलाशना भी एक बड़ी चुनौती'
थेरेसा ने आगे बताया, 'मैं बहुत धीमे-धीमे चलती हूं, ज्यादा देर तक खड़ी भी नहीं रह पाती, यहां तक कि अगर मुझे कहीं बैठना होता है, तो अपने लिए उस साइज की चेयर तलाशना भी एक बड़ी चुनौती बन जाता है। लेकिन इन सब मुश्किलों के बावजूद मैंने हार नहीं मानी और तय किया कि मैं इस बीमारी के प्रति लोगों को जागरुक करूंगी। आज इंस्टाग्राम पर मेरे करीब 85 हजार फॉलोवर्स हैं, जहां मैं लोगों को इस बीमारी से लड़ने के लिए प्रेरित करती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications