क्या पीएम मोदी का Twitter Blue tick हट जाएगा ? एलन मस्क की नई verification policy जानिए
Twitter blue tick verification: क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विटर अकाउंट का ब्लू टिक भी हटाया जा सकता है? कुछ न्यूज रिपोर्ट के बाद इस तरह की अटकलें बहुत तेजी से लगाई जाने लगी हैं। क्योंकि, एलन मस्क जिस अंदाज में आगे बढ़ रहे हैं, उनका अगला कदम क्या होगा, कुछ भी अंदाजा लगाना मुश्किल है। सवाल है कि पीएम मोदी के अपने ट्विटर हैंडल को लेकर ऐसी अटकलबाजियों क्यों शुरू हुईं? इसमें कितना दम है? एलन मस्क के आने के बाद ट्विटर की वेरिफिकेशन पॉलिसी में क्या बदलाव हुए हैं? क्या दुनिया में किसी भी देश की सबसे बड़ी शख्सियत के साथ ऐसा हुआ है? आइए इन सभी सवालों का जवाब इसी रिपोर्ट में देखते हैं।

ट्विटर की ब्लू टिक पॉलिसी में बदलाव
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के आते ही माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर में रोजाना बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उनके ट्विटर की सत्ता संभालते ही इसकी आधिकारिक वेरिफिकेशन पॉलेसी बदल चुकी है। सोशल मीडिया साइट ने अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूनाइटेड किंगडम में 9 नवंबर, 2022 से ट्विटर हैंडल के लिए नई blue tick policy लागू कर दी है। इसके बाद से ट्विटर पर जितने भी पहले से ब्लू टिक हैंडल हैं, उसके रहने-ना रहने को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

पीएम मोदी के ट्विटर हैंडल के ब्लू टिक को लेकर अटकलें
जब से एलन मस्क ने ट्विटर ब्लू टिक पॉलिसी में बदलाव के संबंध में ऐलान किया है, यह कयास लग रहे हैं कि जितने भी 'ब्लू टिक' वाले वेरिफाइड ट्विटर हैंडल हैं, उनसे यह ब्लू टिक वह वापस ले लिए जाएंगे। यह अटकलबाजी भारत में भी खूब चल रही है। गुरुवार को तो पीटीआई समेत कई न्यूज एजेंसियों ने यह खबर दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विटर हैंडल पर ऑफिशियल मार्क जोड़ा गया है। एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक 'मोदी' के वेरिफाइड ब्लू टिक ट्विटर हैंडल @narendramodi को एक सर्कल में एक टिक मार्क के साथ 'ऑफिशियल' मार्क किया गया...' लेकिन, इस आर्टिकल के लिखे जाने के समय पीएम नरेंद्र मोदी के ट्विटर हैंडल पर ऐसा कोई टिक मार्क नहीं दिख रहा था।

ट्विटर का स्पष्टीकरण
जबकि, रिपोर्ट में कहा गया था कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर के अलावा कुछ और मंत्रियों के ट्विटर हैंडल में एक आधिकारिक टिक मार्क जोड़ा गया है। लेकिन, कुछ समय बाद ही ट्विटर ने स्पष्ट किया है कि उसने चुनिंदा अकाउंट पर ऑफिशियल मार्क पर 'विराम' लगा दिया है। ट्विटर सपोर्ट टीम की ओर से किए गए एक ट्वीट कहा गया, 'हम तत्काल अकाउंट पर ऑफिशियल लेबल नहीं लगा रहे हैं, लेकिन छानबीन के बाद हम इसे बहुत तेजी के साथ करेंगे। '

क्या पीएम मोदी का Twitter Blue tick हट जाएगा ?
तो क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी ट्विटर ब्लू टिक हटा लिया जा सकता है? इसके लिए ट्विटर की बदली हुई नई वेरिफिकेशन पॉलिसी को समझना पड़ेगा। यह भी देखना होगा कि इसका भारत पर क्या असर पड़ेगा ? यदि हम ट्विटर की नई blue tick verification policy को देखें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के तमाम प्रभावी शख्सियतों के बारे में कह सकते हैं कि उनके ब्लू टिक पर किसी तरह से प्रश्नचिन्ह लगने की संभावना नहीं लगती। नई पॉलिसी में साफ कहा गया है कि 'अब ब्लू चेकमार्क का मतलब दो चीजें हो सकती हैं: या तो अकाउंट पुरानी वेरिफिकेशन क्राइटेरिया (ऐक्टिव, नोटेबल और ऑथेन्टिक) के तहत वेरिफाइड है या फिर यह अकाउंट ट्विटर की नई ब्लू सब्सक्रिप्शन सर्विस के तहत ऐक्टिव सब्सक्रिप्शन है...' भारत में जैसे ही यह नई पॉलिसी लागू होगी, जो ट्विटर यूजर ट्विटर ब्लू टिक लेना चाहेंगे, उन्हें इसके लिए और कई और सुविधाओं के बदले 650 रुपए महीने देने होंगे।

पीएम मोदी के ब्लू टिकट में बदलाव की संभावना नहीं
एक बात और गौर करने लायक है कि अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड या यूके में लागू होने के बावजूद वहां की सरकार और समाज के प्रभावी लोगों जैसे कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस या फिर एप्पल के सीईओ Tim Cooks के ब्लू टिक को अबतक हाथ नहीं लगाया गया है। इसका मतलब फिलहाल यह समझा जा सकता है कि जिनके पास भी ब्लू टिक (ऐक्टिव, नोटेबल और ऑथेन्टिक) वाला ट्विटर हैंडल है,वह फिलहाल बरकरार रह सकते हैं; और पीएम मोदी इस मापदंड में फिट बैठने वाले दुनिया के सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में शामिल हैं, इसलिए उनके ट्विटर हैंडल के ब्लू टिक में किसी परिवर्तन की संभावना नहीं दिख रही है।












Click it and Unblock the Notifications