रमादेवी से माफी मांगने के मसले पर क्या बोलीं आजम खान की पत्नी
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान ने बीजेपी सांसद रमा देवी को लेकर लोकसभा में की गई अमर्यादित टिप्पणी के लिए माफी मांग ली है। बीजेपी के अलावा तमाम दलों के सदस्यों ने आजम खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। लोकसभा में आजम खान के खिलाफ कार्रवाई के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव भी पास किया गया था। वहीं, आजम खान द्वारा अपने बयान के लिए माफी मांगने के बाद उनकी पत्नी तंजीम फातिमा की प्रतिक्रिया आई है।

माफी मांगने पर क्या बोलींं तंजीम फातिमा
इस मुद्दे पर आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा ने कहा कि उन्होंने जो कहा था, उस दिन स्पष्ट भी कर दिया था कि ये बयान एक बहन के नाते दिया था। तंजीम फातिमा ने कहा कि इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया गया। उन्होंने अब माफी मांग ली है तो ये विवाद यहीं खत्म होना चाहिए। साथ ही फातिमा ने सवाल उठाया कि उन लोगों के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया जिन्होंने उसी दिन सपा सांसद (आजम खान) के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी की थी।

आजम खान ने मांगी माफी
हालांकि, इसके पहले आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा था कि आजम खान के खिलाफ ये साजिश है, जिससे कि वे संसद में बोल नहीं पाएं, यह सब उनके खिलाफ रची जा रही साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा था कि उर्दू भाषा में ऐसी मिठास है जिसकी वजह से ऐसा लग रहा है कि उन्होंने कुछ गलत कहा है, लेकिन वे ऐसे नहीं हैं, उन्हें जया प्रदा के मामले में भी फंसाया गया था।

बीजेपी सांसद रमा देवी पर टिप्पणी कर घिरे थे आजम खान
दरअसल, बीजेपी सांसद रमा देवी को लेकर आजम खान द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी के बाद लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ था। लोकसभा में मौजूद तमाम महिला सांसदों ने आजम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी। इस बीच सोमवार को सपा सांसद आजम खान ने अपने बयान के लिए माफी मांगते हुए कहा, 'मैंने पहले भी कहा था कि वह मेरी बहन के समान हैं, बात चाहे एक बार कहें या हजार बार कहें वहीं रहेंगी। मेरी बात से अगर किसी को दुख पहुंचा है तो मैं उसके लिए क्षमा मांगता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications