कोंकण में BJP क्यों बढ़ा रही ताकत? रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग पर नजर, महाराष्ट्र प्रमुख ने दिया ये बड़ा टास्क
रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट 2024 में BJP के खाते में जरूर गई, लेकिन कोंकण के पूरे इलाके में पार्टी का संगठन अभी उस स्तर तक नहीं पहुंचा है, जहां वह हर चुनाव में अपने दम पर मजबूत चुनौती दे सके। यही वजह है कि महाराष्ट्र BJP प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का हालिया रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग दौरा सिर्फ संगठनात्मक बैठकों तक सीमित नहीं माना जा रहा है। इसके पीछे अगले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए पहले से जमीन तैयार करने की कोशिश भी दिखती है।
महाराष्ट्र भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का साफ टास्क दिया। उन्होंने कहा कि 'चरित्र निर्माण से राष्ट्र निर्माण' के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं को तन-मन-धन से जुटना होगा। बूथ स्तर से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव में समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर उन्होंने खास जोर दिया।

सावंतवाड़ी में भाजपा सिंधुदुर्ग जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसके बाद रत्नागिरी में उत्तर और दक्षिण जिला कार्यकारिणी की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठन के मौजूदा कामकाज की समीक्षा के साथ आने वाले कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
एक दिन का दौरा, मकसद सिर्फ मीटिंग नहीं
सावंतवाड़ी और रत्नागिरी में हुई जिला कार्यकारिणी बैठकों वाला चव्हाण का यह एक दिन का दौरा रूटीन संगठनात्मक काम भर नहीं था। असली मकसद था, बूथ लेवल से पार्टी को खड़ा करना। बूथ कमेटी मजबूत करना, कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाना और वोटरों से लगातार संपर्क बनाए रखना, इन तीन बातों पर उनका जोर एक बड़ी राजनीतिक सोच की तरफ इशारा करता है, महायुति के सहयोगी दलों पर भाजपा की निर्भरता कम करना, खासकर ऐसे इलाके में जहां पार्टी का अपना वोट बेस अभी भी असमान है।
गांव-गांव मजबूत टीम बनाने पर जोर
रविंद्र चव्हाण ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा को बूथ स्तर से मजबूत करने के लिए गांव-गांव में समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करनी होगी। उन्होंने संगठन के काम में पूरी निष्ठा के साथ जुटने और लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
चव्हाण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही। उनका कहना था कि योजनाओं का फायदा समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा।

'कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन, तीनों से जुड़ना होगा'
चव्हाण ने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन, तीनों से जुड़ना होगा। बूथ लेवल पर मजबूत नींव तैयार करने पर उन्होंने खास जोर दिया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की योजनाओं को आखिरी आदमी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को सौंपी।
दौरे के दौरान चव्हाण ने कणकवली और रत्नागिरी में बन रहे भाजपा भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ कहा कि ये दफ्तर सिर्फ फाइलों के लिए नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा केंद्र और जनता की आवाज उठाने का मंच बनने चाहिए।
बैठक में SIR. सेवा संकल्प अभियान और पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग जैसे संगठनात्मक मुद्दों पर भी लंबी चर्चा हुई। इस मौके पर मंत्री नितेश राणे, विधायक योगेश सागर, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक प्रमोद जठार समेत जिले के कई बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरे में एक और बड़ी बात हुई, उत्तर रत्नागिरी में कई दूसरी पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए। इससे साफ है कि इलाके में पार्टी का जनाधार और मजबूत हो रहा है। कुल मिलाकर इस एक दिन के दौरे ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग में भाजपा के आगे के काम को साफ दिशा दे दी है। कार्यकर्ताओं का जोश और लोकल लीडरशिप की ताकत मिलाकर अब पार्टी सौ फीसदी भाजपा के लक्ष्य की तरफ एक कदम और आगे बढ़ चुकी है।
2024 के नतीजे, जीत भी और चेतावनी भी
2024 का लोकसभा चुनाव भाजपा के लिए उम्मीद की किरण भी है और चेतावनी भी। भाजपा के नारायण राणे ने शिवसेना (यूबीटी) के विनायक राउत को 47,858 वोटों से हराया था। राणे को 4.49 लाख वोट मिले जबकि राउत को 4.01 लाख। वोट शेयर के लिहाज से राणे को 49.07% और राउत को 43.83% वोट मिले।
लेकिन विधानसभा के आंकड़े कहानी को थोड़ा उलझा देते हैं। रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग के तहत आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से भाजपा सिर्फ एक सीट, कणकवली जीत पाई, जहां नितेश राणे को 1,08,369 वोट मिले और जीत का अंतर रहा 58,007 वोट। बाकी छह सीटें महायुति के सहयोगियों के खाते में गईं, दापोली, रत्नागिरी, राजापुर, कुडाल और सावंतवाड़ी शिवसेना ने जीतीं, जबकि चिपळूण एनसीपी के पास गई। गुहागर शिवसेना (यूबीटी) ने जीती।
लोकसभा और विधानसभा के बीच का यह गैप ही असली चुनौती
लोकसभा में भाजपा की जीत और विधानसभा स्तर पर पार्टी की संगठनात्मक ताकत के बीच यही फासला अहम है। चव्हाण की कोंकण रणनीति इसी फासले को पाटने की कोशिश लगती है। बैठकों में उन्होंने गांव-गांव में मोबिलाइजेशन, बूथ मजबूती, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं को सीधे वोटर तक पहुंचाने पर जोर दिया। कणकवली और रत्नागिरी में बन रहे भाजपा भवन को भी सिर्फ प्रशासनिक दफ्तर नहीं, बल्कि स्थायी संगठनात्मक केंद्र के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
अभी वक्त है, इसलिए अभी से तैयारी
राजनीतिक गणित सीधा है। अगला लोकसभा और विधानसभा चुनाव अभी दूर है, इसलिए भाजपा के पास चुनावी सद्भावना को गहरे कार्यकर्ता नेटवर्क और वोटर बेस में बदलने का पूरा समय है। चव्हाण के दौरे के दौरान उत्तर रत्नागिरी में दूसरी पार्टियों से कई कार्यकर्ताओं का भाजपा में आना इस रणनीति का एक और पहलू जोड़ता है। साफ है, भाजपा अपने मौजूदा मजबूत नेताओं वाले इलाकों से आगे बढ़कर पूरे कोंकण में पकड़ बनाना चाहती है।
चव्हाण के लिए चुनौती सिर्फ दो जिलों की नहीं
मुंबई-ठाणे-कोंकण पट्टी में गहरी राजनीतिक जड़ें रखने वाले चव्हाण के लिए यह चुनौती सिर्फ दो जिला इकाइयों को मजबूत करने तक सीमित नहीं है। भाजपा अपनी संसदीय मौजूदगी को जमीनी वोट बेस में बदलना चाहती है, और कोंकण इस रणनीति की एक बड़ी परीक्षा बनता जा रहा है।
अगर पार्टी कणकवली से आगे बढ़कर पूरे इलाके में एक भरोसेमंद संगठन खड़ा कर पाई, तो इससे महायुति के भीतर का चुनावी संतुलन भी बदल सकता है और तटीय महाराष्ट्र की व्यापक राजनीति भी प्रभावित हो सकती है। अभी जो जमीनी काम हो रहा है, वही तय करेगा कि अगली बार महाराष्ट्र में चुनाव होने पर कोंकण में भाजपा की कितनी राजनीतिक जगह होगी।


Click it and Unblock the Notifications
