'मोदी जी बिल्कुल गलत हैं,' BJP छोड़ते ही शहजाद पूनावाला के क्यों बदले तेवर? कहा-राजीव गांधी का अहसानमंद हूं!
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला लगातार चर्चा में बने हुए हैं। बीजेपी का साथ छोड़ते ही उन्होंने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने मीडिया बयानों का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनका अंदाज काफी तीखा नजर आ रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को धन्यवाद देते हुए राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा है।
पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता संजय झा के साथ टीवी डिबेट की क्लिप शेयर करते हुए पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में इस्तेमाल किए गए 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर बात की। शहजाद पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा, "मोदी जी लोगों को 'दिमागी नक्सल' कहकर बिल्कुल गलत कर रहे हैं।

इन लोगों को तो असल में 'बददिमागी नक्सल' कहना चाहिए।" अपने सबसे ताजा बयान में पूनावाला ने राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले भी 'पप्पू' थे, आज भी 'पप्पू' हैं और आगे भी हमेशा 'पप्पू' ही रहेंगे।
राजीव गांधी के किस एहसान की बात कर रहे हैं शहजाद पूनावाला?
शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि वे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हमेशा अहसानमंद रहेंगे। उन्होंने लिखा,
"मैं राजीव गांधी जी का हमेशा आभारी रहूंगा। उन्होंने हमें राहुल गांधी दिए, जिन्होंने 2014, 2019 और 2024 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में अपनी भूमिका निभाई। उम्मीद है 2029 में भी मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। इस लिहाज से राजीव गांधी भी मेरी तरह मोदी जी के सबसे बड़े समर्थकों में हैं।"
पूनावाला ने चुटकी लेते हुए दावा किया कि राहुल गांधी की वजह से ही पीएम मोदी 2029 में भी दोबारा प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने राजीव गांधी को पीएम मोदी का सबसे बड़ा समर्थक करार दिया।
एक अन्य पोस्ट में पूनावाला ने राहुल गांधी को सीधी चेतावनी देते हुए लिखा कि अब कोई फिल्टर नहीं रहेगा और राहुल गांधी तैयार रहें। यह पोस्ट 'जयपुर डायलॉग्स' के एक इंटरव्यू से जुड़े वीडियो के जवाब में था। इंटरव्यू में पूनावाला ने याद दिलाया कि जब वे बीजेपी में थे, तब उनसे विपक्षी नेताओं से बात करते समय भी मर्यादित और विनम्र भाषा इस्तेमाल करने को कहा जाता था। अब बाहर आने के बाद वे बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी बात रख रहे हैं।
आखिर BJP छोड़ने के बाद इतना बदलाव क्यों?
शहजाद पूनावाला ने हाल ही में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को इस्तीफा भेजा था। उन्होंने पार्टी के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की बात कही थी। अपने पत्र में उन्होंने इस्तीफे की वजह आर्थिक और निजी दबाव बताया था।
उन्होंने कहा था कि उन्होंने 30 जुलाई को ही बिना किसी शर्त के इस्तीफा देने की पेशकश की थी। पार्टी नेतृत्व ने उनका फैसला तुरंत स्वीकार करने के बजाय उन्हें दोबारा सोचने के लिए कहा था। पूनावाला ने यह भी बताया था कि BJP नेतृत्व ने उनकी परेशानियों को समझने और उनकी मदद का रास्ता निकालने की कोशिश की।
इसके बावजूद उन्होंने अपना फैसला नहीं बदला। उन्होंने कहा कि अब वह पार्टी के संगठनात्मक पदों से बाहर रहकर अपनी राजनीतिक यात्रा पर ध्यान देना चाहते हैं। यही वजह है कि BJP छोड़ने के बाद उनके बयान अब पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता के तौर पर नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज के रूप में सामने आ रहे हैं। हालांकि राहुल गांधी पर उनका हमला जारी है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और BJP को लेकर उनके कुछ हालिया बयान पहले के मुकाबले काफी अलग नजर आ रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
