Wholesale Inflation: महंगाई दर में आई गिरावट, थोक मुद्रास्फीति मार्च में घटकर 2.05 प्रतिशत आई
Wholesale Inflation: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने आज जारी आंकड़ों में जानकारी देते हुए बताया कि भारत की थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित मुद्रास्फीति मार्च 2025 में घटकर 2.05 प्रतिशत रह गई।
इस साल फरवरी में WPI मुद्रास्फीति 2.38 प्रतिशत थी। WPI में प्राथमिक वस्तुओं की वार्षिक मुद्रास्फीति दर मार्च में घटकर 0.76 प्रतिशत रह गई, जो पिछले महीने 2.81 प्रतिशत थी। इन आंकड़ो से पता चलता है कि WPI खाद्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति की वार्षिक दर पिछले महीने 5.94 प्रतिशत से घटकर 4.66 प्रतिशत रह गई।

AIR के मुताबिक ईंधन और बिजली श्रेणी फरवरी में 0.71 प्रतिशत की अपस्फीति के मुकाबले 0.2 प्रतिशत पर सकारात्मक क्षेत्र में लौट आई। विनिर्मित उत्पाद श्रेणी में, मुद्रास्फीति पिछले महीने के 2.86 प्रतिशत से थोड़ी बढ़कर 3.07 प्रतिशत हो गई।
मंत्रालय ने कहा कि मार्च 2025 में मुद्रास्फीति की सकारात्मक दर मुख्य रूप से विनिर्मित खाद्य उत्पादों, अन्य विनिर्माण, खाद्य वस्तुओं, बिजली और वस्त्रों के निर्माण की कीमतों में वृद्धि के कारण है।
AIR के अनुसार थोक मूल्य सूचकांक या WPI, थोक व्यापारियों द्वारा अन्य कंपनियों के साथ थोक में बेची और कारोबार की जाने वाली वस्तुओं की कीमतों में परिवर्तन को मापता है। CPI के विपरीत, जो उपभोक्ताओं द्वारा खरीदी गई वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों को ट्रैक करता है, WPI फैक्ट्री गेट कीमतों और खुदरा कीमतों को ट्रैक करता है।
ईंधन और बिजली समूह का सूचकांक फरवरी 2025 के 153.8 से 0.91 प्रतिशत घटकर मार्च 2025 में 152.4 हो गया। आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि फरवरी 2025 की तुलना में मार्च 2025 में बिजली और खनिज तेलों की कीमत में कमी आई है।
इससे पहले, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत की खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी 2025 में सात महीने के निचले स्तर 3.61 प्रतिशत पर आ गई थी जो जनवरी में 4.31 प्रतिशत थी। अगस्त 2024 के बाद यह पहली बार है जब मुद्रास्फीति भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 4 प्रतिशत के मध्यम अवधि के लक्ष्य से नीचे आई है।
WPI क्या है
WPI का पूरा नाम है Wholesale Price Index यानी थोक मूल्य सूचकांक। यह एक आर्थिक संकेतक (economic indicator) है जो किसी देश में वस्तुओं के थोक स्तर पर कीमतों में होने वाले बदलाव को मापता है। भारत में WPI को मुख्य रूप से मुद्रास्फीति (inflation) को मापने के लिए उपयोग किया जाता है। यानी जब दुकानदार या व्यापारी किसी वस्तु को खरीदते हैं (जैसे- गेहूं, चावल, पेट्रोल, स्टील आदि), तो जो कीमत वे चुकाते हैं, उसी को "थोक मूल्य" कहते हैं।
इन थोक वस्तुओं की कीमतों में अगर बदलाव आता है, तो उसे मापने के लिए WPI का इस्तेमाल किया जाता है। इसे ऑफिस ऑफ इकोनॉमिक एडवाइजर, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय (Ministry of Commerce and Industry) द्वारा प्रकाशित किया जाता है।
CPI और WPI में फर्क
- WPI थोक स्तर पर कीमतों को मापता है।
- CPI (Consumer Price Index) खुदरा स्तर पर यानी आम लोगों द्वारा खरीदी जाने वाली चीजों की कीमतों को मापता है।












Click it and Unblock the Notifications