Manish Kashyap: कौन है मनीष कश्यप, जो दे रहे हैं तेजस्वी यादव को चुनौती, हो रहे हैं सोशल मीडिया पर ट्रेंड
सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहे मनीष कश्यप पेशे से यूट्यूब पत्रकार हैं, तमिलनाडु में मजदूरों के साथ मारपीट के मामले में जो वीडियो उन्होंने शेयर किया है उसकी वजह से वह चर्चा में हैं।

Manish Kashyap: सोशल मीडिया पर मनीश कश्यप ट्रेंड कर रहे हैं, ऐसे में हर कोई यह तलाश कर रहा है कि आखिर मनीष कश्यप कौन हैं। दरअसल मनीष कश्यप यूट्यूब चैनल चलाते हैं। उनका यूट्यूब पर सच तक न्यूज नाम का चैनल है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके काफी फॉलोवर हैं। मनीष कश्यप बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के डुमरी महनवा गांव के निवासी हैं। मनीष के पिता का नाम उदित कुमार तिवारी है, वह भारतीय सेना में हैं। मनीष अलग अंदाज में रिपोर्टिंग के लिए सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं।
क्यों हैं चर्चा में
दरअसल मनीष कश्यप ने तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों पर हमले का वीडियो शेयर किया था, लेकिन उनके इस वीडियो पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि मनीष ने जो वीडियो शेयर किया है वह तमिलनाडु का नहीं है। मनीष के खिलाफ बिहार पुलिस ने फर्जी वीडियो शेयर करने और फर्जी खबरें वायरल करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है, जिसके बाद से मनीष कश्यप के खिलाफ गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। ट्विटर पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमे दावा किया जा रहा है कि मनीष ने वीडियो को सच साबित करने के लिए इसमे स्क्रिप्टेड वीडियो को शेयर किया है।
जांच करा लीजिए वीडियो की
मनीष कश्यप जो खुद को सन ऑफ बिहार कहते हैं, उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मैं गरीबों के बारे में झूठ नहीं फैलाता हूं, उनके बारे में सिर्फ सच्चाई को दिखाता हूं, लेकिन आप लोग इस सच को नहीं देख पा रहे हैं। मनीष ने कहा कि जिस वीडियो को आप फर्जी बता रहे हैं एक बार उस वीडियो को देखिए उसमे मजदूर का नंबर भी दिया है, उससे बात करके देखिए आपको पता चल जाएगा कि वह झूठ बोल रहा है या गलत। तमिलनाडु में मजदूर काफी परेशान हैं।
क्या है वीडियो का सच
मनीष पर आरोप लग रहा है कि उन्होंने जो वीडियो शेयर किया है वह फेक है। खुद तमिलनाडु पुलिस ने वीडियो को फर्जी बताया है। पुलिस की ओर से जो वीडियो शेयर किया है उसमे देखा जा सकता है कि शुरुआत में मजदूर मुस्कुरा रहा है। तमिलनाडु पुलिस ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, अपराधी यह समझ ले कि तुम हमेशा सभी को धोखा नहीं दे सकते। जनता आप दिए गए वीडियो को देखिए और समझिए कि यह घटना जो वीडियो में दिखाया गया है, वह तमिलनाडु में हुआ ही नहीं है। यह वीडियो झूठा और निर्देशित है। कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। द्वारा तमिलनाडु पुलिस।
9वीं भी पास नहीं कर पाए
अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर करते हुए मनीष कश्यप ने कहा कि पहले आप पढ़ाई में फ्लॉप हुए, फिर क्रिकेट में फ्लॉप हुए, फिर बिहार का उपमुख्यमंत्री बनकर पूरे बिहार को ही आपने डुबा दिया है। बिहार में जो आवाज उठा रहा है उसके खिलाफ केस कर रहे हैं। आप नौंवी फेल हैं, आपके पिता जी सीएम थे फिर भी पढ़ नहीं पाए। मेरे पिता जी सेना में थे उन्होंने मुझे पढ़ाया मैं इंजीनियर बना। आपको कम से कम ग्रैजुएट करना चाहिए था, तब ना आपको पता चलता कि छोटे और बड़े भाई के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए।
डहां बोलिए वहां गिरफ्तारी देने आऊंगा
मनीष कश्यप ने कहा कि मैं आज भी इस बात पर अटल हूं कि आपको मैं मुख्यमंत्री नहीं बनने दूंगा। आप पहले ऐसे नेता हैं जिनके पिता जी सीएम रहे, माता जी सीएम रहीं। आप लोगों को जलन है, आप नौंवी फेल हैं, आप पढ़ नहीं पाए। किसी भी मंच पर बुला लीजिएगा आपसे ज्यादा सक्षम हूं, आप से बेहतर डिबेट कर सकता हूं। क्रिकेट में आप फ्लॉप हुए तो पूरे बिहार को फ्लॉप करने के लिए आ गए। यही नहीं मनीष कश्यप ने कहा कि मैं गिरफ्तारी से नहीं डरता हूं। जिस दिन बोलिएगा गिरफ्तारी दे दूंगा, हत्या थोड़े किए हैं, फरार थोड़े हैं, जिस दिन कहिएगा वहां आ जाउंगा गिरफ्तारी देने। जिस दिन भी पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी दीजिए, दे दूंगा। रेप वाला विधायक तो बिहार में घूमता है, आपकी पार्टी में है।












Click it and Unblock the Notifications