कौन हैं IAS तुकाराम मुंढे, जिनके नाम से खौफ खाते हैं अपराधी! 21 साल में 25 ट्रांसफर, हाईकोर्ट में भी मारी रेड?
IAS Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र में खाद्य और दवाओं में मिलावट के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच IAS अधिकारी
एक बार फिर चर्चा में हैं। फिलहाल वह महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर हैं। सख्त फैसलों और बिना दबाव काम करने की छवि के कारण मुंढे को देश के चर्चित IAS अधिकारियों में गिना जाता है। उनके करियर में कई बड़े अभियान और विवाद रहे हैं। करीब 21 साल की सेवा में उनका 25 बार तबादला हो चुका है।
हालांकि, बार-बार ट्रांसफर के बावजूद उन्हें प्रशासनिक काम के लिए कई सम्मान भी मिले हैं। जल संरक्षण से लेकर स्वास्थ्य, ट्रैफिक और शहरी सुविधाओं तक उन्होंने कई अहम फैसले लिए हैं। आइए जानते हैं कौन हैं तुकाराम मुंढे और क्यों उनके काम करने का तरीका हमेशा चर्चा में रहता है।

किसान परिवार में जन्में तुकाराम मुंढे कैसे बने IAS?
तुकाराम मुंढे का जन्म महाराष्ट्र के बीड जिले के एक गरीब किसान परिवार में हुआ। उनका बचपन मराठवाड़ा के ऐसे इलाके में बीता, जहां पानी की कमी, खेती पर मौसम की निर्भरता और किसानों का कर्ज बड़ी समस्या थी। मुंढे ने बचपन में अपने माता-पिता के साथ खेत में काम किया और साप्ताहिक बाजार में सब्जियां भी बेचीं। इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार वह रात करीब 2 बजे उठकर खेतों में पानी देते थे। मिट्टी-ईंट के घर में रहने वाले मुंढे स्थानीय जिला परिषद स्कूल में पढ़ने के लिए नंगे पैर जाते थे। इन्हीं अनुभवों ने उन्हें प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया। उनका कहना है कि वह व्यवस्था का हिस्सा बनने के लिए नहीं, बल्कि उसमें बदलाव लाने के लिए सरकारी सेवा में आए।
ये भी पढ़ें: 500 की रिश्वत पर ज्ञान देने वाले राहुल बंसल ने खुद घूंस में लिए 1 करोड़? IPS साहब का वीडियो हुआ वायरल
बिना कोचिंग UPSC में 20वीं रैंक
मुंढे ने 1996 में औरंगाबाद के सरकारी कला और विज्ञान महाविद्यालय (Government College of Arts and Science) से ग्रेजुएशन किया। 1998 में उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में MA किया। इसके बाद उन्होंने 2005 में UPSC परीक्षा पास की और ऑल इंडिया 20वीं रैंक हासिल की। उन्हें महाराष्ट्र कैडर मिला। उनके पास सिविल सेवा की कोई पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं थी और उन्होंने बिना बड़े कोचिंग नेटवर्क के यह सफलता हासिल की।
21 साल में 25 बार ट्रांसफर
तुकाराम मुंढे के करियर की सबसे ज्यादा चर्चा उनके तबादलों को लेकर होती है। करीब 21 साल की सेवा में उनका 25 बार ट्रांसफर हो चुका है। कई पोस्टिंग में वह सामान्य तीन साल का कार्यकाल भी पूरा नहीं कर सके और कुछ मौकों पर उन्हें बिना पोस्टिंग के भी रखा गया। इसके बावजूद उन्हें कई पुरस्कार मिले। 2015-16 में उन्हें महाराष्ट्र सरकार का Best Collector Award मिला। सामाजिक न्याय और प्रशासनिक काम के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्हें सम्मान मिला। जल संरक्षण में उनके काम के कारण उन्हें 'महाराष्ट्र का वाटरमैन' तक कहा गया।
सख्त फैसलों के लिए पहचान
मुंढे ने अपने करियर में कई ऐसे फैसले लिए, जिनकी वजह से वह चर्चा में रहे। सोलापुर में उन्होंने अवैध रेत कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की और इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिलीं। PMPML में उन्होंने लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहने वाले 158 कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों पर कार्रवाई की। 2022 में Health Commissioner रहते हुए उन्होंने रात में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कराया और बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू करने की दिशा में कदम उठाए।
नवी मुंबई नगर आयुक्त (Navi Mumbai Municipal Commissioner) रहते हुए उन्होंने करीब 20 करोड़ रुपये की मार्बल प्रतिमा और 163 करोड़ रुपये की सोलर परियोजना को रद्द कर दिया। उनका कहना था कि इन पैसों का इस्तेमाल ज्यादा जरूरी नागरिक सुविधाओं में किया जा सकता है।
लोगों के बीच भी रहे लोकप्रिय
नवी मुंबई में मुंढे ने 'Walk with the Commissioner' नाम से एक पहल शुरू की। वह हर रविवार लोगों के साथ वॉक पर जाते और उनकी शिकायतें सीधे सुनते थे। यह पहल आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुई। 6,000 से ज्यादा लोगों ने उनके तबादले को रोकने की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर भी किए थे। हालांकि, 2017 में उनका तबादला कर दिया गया।
अब FDA में मिलावट के खिलाफ अभियान
फिलहाल तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर के तौर पर खाद्य पदार्थों और दवाओं में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। कई प्रतिष्ठानों पर छापे, सामान जब्त करने, नोटिस और पुलिस शिकायत जैसी कार्रवाई की गई है। उनका काम करने का मूल सिद्धांत तीन बातों पर आधारित है-कानून के मुताबिक काम, नैतिक रूप से सही फैसला और जनता का हित। इसी सोच के कारण वह कहते हैं कि किसी गलत काम को सिर्फ इसलिए स्वीकार नहीं किया जा सकता क्योंकि उसके पीछे कोई ताकतवर व्यक्ति या संस्था है।
बॉम्बे हाई कोर्ट की उस टिप्पणी के बाद कि खाद्य सुरक्षा की कार्रवाई सिर्फ निजी संस्थानों तक सीमित क्यों है, महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे और उनकी टीम ने अगस्त 2026 की शुरुआत में हाई कोर्ट परिसर में मौजूद कैंटीनों का भी औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान कैंटीनों में साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच में यह भी पाया गया कि कुछ कैंटीनों के पास जरूरी FSSAI लाइसेंस वैध नहीं थे। इस कार्रवाई के जरिए FDA ने साफ संकेत दिया कि खाद्य सुरक्षा के नियम सभी के लिए एक जैसे हैं और सरकारी या सार्वजनिक परिसर में चलने वाली कैंटीनें भी इन नियमों से बाहर नहीं हैं।
ये भी पढ़ें: 150 करोड़ की संपत्ति, 3 पीढ़ियों से खाकी का नाता! कौन हैं IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर? क्यों हुआ अचानक ट्रांसफर?


Click it and Unblock the Notifications
