150 करोड़ की संपत्ति, 3 पीढ़ियों से खाकी का नाता! कौन हैं IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर? क्यों हुआ अचानक ट्रांसफर?
IPS Gurpreet Singh Bhullar: अमृतसर के पूर्व पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर इन दिनों पंजाब की राजनीति से लेकर पुलिस महकमे तक चर्चा में हैं। 2004 बैच के IPS अधिकारी भुल्लर को हाल ही में अमृतसर पुलिस कमिश्नर के पद से हटाकर डीजीपी कार्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया। यह बदलाव ऐसे समय हुआ, जब उन्होंने दावा किया था कि अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े दो कथित आतंकी मॉड्यूल का पता लगाया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में 9 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। शुरुआती जांच में कुछ आरोपियों के दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े होने की बात सामने आई। ट्रांसफर के समय को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। जबकि पंजाब सरकार ने इसे सामान्य प्रशासनिक बदलाव बताया है।

2004 बैच के IPS अधिकारी हैं भुल्लर
गुरप्रीत सिंह भुल्लर पंजाब कैडर के 2004 बैच के IPS अधिकारी हैं। उन्होंने बीए ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया और UPSC परीक्षा पास करने के बाद भारतीय पुलिस सेवा में आए। पंजाब पुलिस में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। भुल्लर का परिवार भी पुलिस सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता और दादा IPS अधिकारी रह चुके हैं। उनके दादा गुरदयाल सिंह भुल्लर 1957 से 1960 के बीच जालंधर के SSP रहे थे। इस तरह गुरप्रीत सिंह भुल्लर परिवार की तीसरी पीढ़ी के पुलिस अधिकारी हैं।
मोहाली में दो बार रहे SSP
भुल्लर ने मोहाली के SSP के तौर पर लंबा समय काम किया। वह पहली बार 2009 से 2013 तक और दूसरी बार 2015 से 2016 तक मोहाली SSP रहे। इसके बाद उन्हें जालंधर का SSP भी बनाया गया। पंजाब पुलिस में लंबे प्रशासनिक अनुभव के कारण उन्हें तेजतर्रार अधिकारियों में गिना जाता रहा है। अमृतसर पुलिस कमिश्नर के तौर पर भी उनके कार्यकाल में कई अहम मामले सामने आए।
150 करोड़ से ज्यादा संपत्ति का दावा
भुल्लर अपनी संपत्ति को लेकर भी पहले चर्चा में रह चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर उनकी घोषित संपत्ति 150 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी।
2016 में जब उन्होंने अपनी अचल संपत्तियों की जानकारी सार्वजनिक की थी, तब इसे लेकर काफी चर्चा हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी संपत्तियों में मकान, व्यावसायिक जमीन और कृषि भूमि शामिल हैं। दिल्ली के सैनिक फार्म में एक बड़ा प्लॉट और मोहाली के पास पैतृक जमीन का भी जिक्र किया गया था।
आतंकी मॉड्यूल के खुलासे के बाद चर्चा
अमृतसर पुलिस कमिश्नर रहते हुए भुल्लर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो कथित आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया था। पुलिस का दावा था कि इनका संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से था और मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भुल्लर ने यह भी कहा था कि शुरुआती जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, यह जांच का हिस्सा है और इस संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
इस बयान के करीब दो दिन बाद भुल्लर को अमृतसर पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया गया। उन्हें डीजीपी कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। उनकी अगली पोस्टिंग अभी सामने नहीं आई है। ट्रांसफर के समय को लेकर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू और दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस फैसले की आलोचना की। दूसरी ओर, पंजाब सरकार ने इसे सामान्य प्रशासनिक फेरबदल बताया है। सरकार की ओर से ट्रांसफर की कोई अलग वजह सार्वजनिक नहीं की गई है।
हरमनबीर सिंह बने नए कमिश्नर
भुल्लर की जगह पंजाब सरकार ने 2010 बैच के IPS अधिकारी हरमनबीर सिंह को अमृतसर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया है। वह इससे पहले DIG, बॉर्डर रेंज, अमृतसर के पद पर काम कर रहे थे। अब आतंकी मॉड्यूल मामले की जांच आगे बढ़ेगी। जांच एजेंसियों के सामने यह साफ करना अहम होगा कि गिरफ्तार आरोपियों का जंतर-मंतर प्रदर्शन से वास्तव में कोई संबंध था या नहीं।
ये भी पढ़ें: IPS Veenu Bansal: कौन हैं IPS वीनू बंसल, राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा से क्यों हटाए गए? किया पद का दुरूपयोग


Click it and Unblock the Notifications
