500 की रिश्वत पर ज्ञान देने वाले राहुल बंसल ने खुद घूंस में लिए 1 करोड़? IPS साहब का वीडियो हुआ वायरल
IPS Rahul Bansal Controversy: छत्तीसगढ़ कैडर के 2022 बैच के ट्रेनी IPS अधिकारी राहुल बंसल इन दिनों 1 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत से जुड़े मामले को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक मॉक इंटरव्यू के दौरान अपने उस अनुभव के बारे में बताते नजर आते हैं, जब एक सरकारी काम के लिए उन्हें 500 रुपये रिश्वत देनी पड़ी थी।
खास बात यह है कि उस बातचीत में वह रिश्वत देने के अनुभव को लेकर नाराजगी जताते हैं। वीडियो में वो कहते हैं कि एक सरकारी कर्मचारी को इस तरह काम करते देखना निराश करने वाला था। वहीं, मौजूदा मामले में दिल्ली की एक विशेष अदालत के सामने शिकायत पहुंची है और जांच से जुड़ी रिपोर्ट मांगी गई है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

1 करोड़ की रिश्वत का क्या है आरोप?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में CBI कोर्ट के पास पहुंची शिकायत में राहुल बंसल के साथ असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा के नाम भी शामिल हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक साइबर फ्रॉड केस को खत्म करने के लिए 1 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस मामले से जुड़े कुछ डिजिटल सबूत भी जांच एजेंसी को दिए गए हैं। इनमें WhatsApp पर हुई बातचीत और कॉल रिकॉर्डिंग शामिल होने की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें: IPS Veenu Bansal: कौन हैं IPS वीनू बंसल, राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा से क्यों हटाए गए? किया पद का दुरूपयोग
दो किस्तों में 50-50 लाख देने का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कथित तौर पर 1 करोड़ रुपये का भुगतान दो किस्तों में किया गया। दावा है कि दोनों किस्तों में 50-50 लाख रुपये दिए गए और इसके लिए हवाला चैनल का इस्तेमाल किया गया। इन आरोपों की जांच अभी जारी है और मामले में सामने आए दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वायरल वीडियो में 500 रुपये की कहानी
इसी मामले के बीच राहुल बंसल का बताया जा रहा एक पुराना मॉक इंटरव्यू वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उनसे पूछा जाता है कि क्या कभी उन्हें रिश्वत देनी पड़ी। इसके जवाब में वह अपने भाई से जुड़ा एक पुराना अनुभव बताते हैं। उनके मुताबिक, उनका भाई IIT कानपुर में पढ़ता था और उसे एक पेपर प्रेजेंट करने के लिए अमेरिका जाना था। इसके लिए पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों की जरूरत थी।
राहुल बंसल वीडियो में बताते हैं कि समय काफी कम था। प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए उन्होंने पंचायत सचिव से संपर्क किया, लेकिन कई दिनों तक उन्हें एक जगह से दूसरी जगह भेजा जाता रहा। उन्होंने कहा कि करीब 7 दिनों तक कोशिश करने के बाद भी काम नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने पैसे देने की बात स्वीकार की तो अधिकारी काम करने के लिए तैयार हो गया। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने कितने रुपये दिए थे, तो उन्होंने 500 रुपये की रकम बताई।
'एक पब्लिक सर्वेंट को ऐसा करते देखना...'
वीडियो में रिश्वत देने के बाद अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए बंसल कहते हैं कि उन्हें यह काफी खराब लगा था। उन्होंने कहा कि एक पब्लिक सर्वेंट को इस तरह काम करते देखना बहुत निराश करने वाला था।
यही पुराना वीडियो अब 1 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के आरोपों के बीच सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कोर्ट ने मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट
ताजा मामले में विशेष अदालत ने छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक और CBI निदेशक से की गई कार्रवाई को लेकर रिपोर्ट तलब की है। अब जांच में शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए डिजिटल सबूत, कथित भुगतान और मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
IPS बनने से पहले इनकम टैक्स कमिश्नर थे बंसल
राहुल बंसल के करियर की बात करें तो IPS में आने से पहले वह इनकम टैक्स कमिश्नर रह चुके हैं। IPS बनने के बाद उनकी पहली फील्ड पोस्टिंग छत्तीसगढ़ के सरगुजा में CSP के तौर पर हुई थी। फिलहाल 1 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत से जुड़े आरोपों की जांच चल रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी।
ये भी पढ़ें: 150 करोड़ की संपत्ति, 3 पीढ़ियों से खाकी का नाता! कौन हैं IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर? क्यों हुआ अचानक ट्रांसफर?


Click it and Unblock the Notifications
