जिन्हें कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लेनी है, उनके लिए केंद्र ने राज्यों से की एक खास गुजारिश
नई दिल्ली, 7 मई: केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजारिश की है कि वैक्सिनेशन ड्राइव में दूसरी डोज लेने वाले लाभार्थियों को प्राथमिकता दें। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके लिए अपने कोटे से एक अनुपात भी तय कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि ऐसा करना इसलिए जरूरी है ताकि दूसरी डोज का वैक्सिनेशन शेड्यूल समय पर पूरा हो सके। गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस की कुल 16.50 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है। वहीं, 18 से 44 साल की उम्र श्रेणी में भी करीब 12 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है और फिलहाल मांग के मुताबिक इसकी पूर्ति नहीं हो पाने की बात सामने आ रही है।

वैक्सीन में दूसरी डोज वालों को प्राथमिकता दें- केंद्र
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव आरती आहुजा ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा है कि 'केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से हमने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अनुरोध किया है कि दूसरी डोज लेने वाले लाभार्थियों को प्राथमिकता दें और यह सुनिश्चित करें कि प्रस्तावित वैक्सिनेशन शेड्यूल समय पर पूरा हो।' स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से यह भी कहा है कि भारत सरकार से मिलने वाली वैक्सीन का इस्तेमाल दूसरी डोज और पहली डोज वालों के बीच में क्रमश: 70:30 के अनुपात में करें। आहुजा ने कहा, 'दूसरी बात कि भारत सरकार के चैनल से जो वैक्सीन की सप्लाई हो रही है उसका इस्तेमाल दूसरी डोज और पहली डोज वालों के बीच में 70:30 के अनुपात में करें और वैक्सिनेशन ड्राइव की कवरेज की नियमित समीक्षा करते रहें।'

18 से 44 साल की श्रेणी में 11.81 लाख लोगों को लगी डोज
मंत्रालय की ओर से बताया गया कि अबतक सभी श्रेणियों में कोविड-19 वैक्सीन की कुल 16.50 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है। अतिरिक्त सचिव ने कहा, 'हेल्थकेयर वर्करों में अभी तक 0.95 करोड़ पहली डोज और 0.64 करोड़ दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। इसी तरह फ्रंटलाइन वर्करों को 1.38 करोड़ पहली डोज और 0.75 करोड़ दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।' उन्होंने कहा कि, '45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में करीब 10.76 करोड़ पहली डोज लग चुकी है, जबकि 1.90 करोड़ दूसरी डोज दी जा चुकी है। वहीं 18 से 44 साल की उम्र श्रेणी में 11.81 लाख लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। अब तक कुल 16.50 करोड़ डोज सभी श्रेणियों को मिलाकर पूरी हो चुकी है।'

राज्यों को 17,35,07,770 करोड़ वैक्सीन की डोज मुफ्त मिले
इससे पहले केंद्र सरकार ने राज्यों को भरोसा दिया था कि अगले तीन दिन के अंदर वह वैक्सीन की 10 लाख से ज्यादा डोज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उपलब्ध करवाएगा। सरकारी बयान में कहा गया है कि कुल 10,25,000 डोज राज्यों को तीन दिन में दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 90,30,670 डोज राज्यों के पास पहले से ही उपलब्ध है। केंद्र के मुताबिक उसने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 17,35,07,770 करोड़ वैक्सीन की डोज मुफ्त में उपलब्ध करवाए हैं। सरकारी रिलीज के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे तक इनमें से 16,44,77,100 डोज की खपत (बर्बादी समेत) हुई थी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 अप्रैल को 1 मई से 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने का रास्ता साफ कर दिया था। लाभार्थी कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु ऐप पर रजिस्टर करके इसका लाभ उठा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications