अपनी आंखों की रोशनी गंवाने वाली इंशा नाराज है महबूबा से!
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती जिन्होंने अभी थोड़े दिनों पहले कहा था कि एक मां होने के नाते वह कश्मीर और यहां के लोगों के दर्द को बेहतरी से समझ सकती हैं। अपने बयान के बाद महबूबा ने एक 16 वर्ष की लड़की इंशा से मुलाकात की।

क्यों महबूबा ने पूछा नाराजगी का सवाल
महबूबा ने उससे बिल्कुल उसी अंदाज में सवाल किया जैसे कोई मां अपने बच्चे के रूठ जाने के बाद उससे सवाल करती है। महबूबा ने इस बच्ची से पूछा, 'क्या तुम मुझसे नाराज हो?'
जिस बच्ची से महबूबा ने मुलाकात की उसका नाम इंशा है और जो सवाल महबूबा ने उस बच्ची से किया उसकी वजह थी पैलेट गन और उसकी वजह से इंशा की रोशनी चली जाना।
महबूबा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद एम्स में इलाज करा रही इंशा से भी मुलाकात की।
एक एनकाउंटर ने बदल दी घाटी की सूरत
इंशा से मिलने के बाद महबूबा ने बताया कि उससे मिलकर वह एक तरह से सदमे की हालत में हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आखिर कहां वे सब लोग गलत साबित हो गए।
महबूबा ने कहा कि एनकाउंटर हुआ और उसके बाद हालात ही बदल गए। जैसे ही महबूबा ने इंशा से उसकी नाराजगी का सवाल पूछा पास बैठी उसकी मां की आंखों में आंसू आ गए थे।
राज्य सरकार भेज सकती है विदेश
मुफ्ती ने इस दौरान एम्स में आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुलाकात भी की। महबूबा ने उनसे अनुरोध किया वे इंशा की रोशनी को वापस लाने में जितने भी प्रयास हो सकते हैं, करें।
इसके अलावा उन्होंने इंशा की अम्मी और अब्बू से वादा भी किया है कि उसके इलाज में सरकार जो भी मदद हो सकती होगी, वह जरूर करेगी। अगर जरूरत पड़ी तो राज्य सरकार इंशा के आई ट्रांसप्लांट के लिए उसे विदेश भी भेजेगी।
इंशा की तरह पैलेट के कई 'नन्हें' शिकार
इंशा कक्षा नौ में पढ़ने वाली बच्ची है और शोपियां में सुरक्षाबलों और विरोध प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में पैलेट गन का शिकार बन गई।
इंशा की तरह घाटी के करीब 100 लोगों को आंख में चोटें आई हैं जिनमें से कुछ बच्चे हैं। यह पहला मौका था जब सीएम महबूबा ने पैलेट गन के शिकार किसी मरीज से अस्पताल जाकर मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications