क्या है SACHET App जिसका PM मोदी ने 'मन की बात' में किया जिक्र? जानिए प्राकृतिक आपदा से कैसे बचाएगा एप्लीकेशन
SACHET App: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (27 अप्रैल) को अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में SACHET ऐप का जिक्र किया। यह ऐप राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने तैयार किया है, जो देशभर में लोगों को प्राकृतिक या मानवीय आपदाओं से पहले सतर्क करने का काम करता है।
PM मोदी ने बताया कि SACHET ऐप एक CAP (Common Alerting Protocol) आधारित इंटीग्रेटेड अलर्ट सिस्टम है। इसकी मदद से अलग-अलग तरह की तकनीकों के जरिए बहुत कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक चेतावनी पहुंचाई जा सकती है।

पीएम ने क्या कहा?
मन की बात के 121वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "'सचेत' ऐप आपको प्राकृतिक आपदा में फंसने से बचाने में मदद कर सकता है। इस ऐप को भारत के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विकसित किया गया है... 'सचेत' ऐप का उद्देश्य आपको हर संभव तरीके से सूचित और सुरक्षित रखना है। इस ऐप के जरिए आप मौसम विभाग से अपडेट प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप कई क्षेत्रीय भाषाओं में भी जानकारी प्रदान करता है।"
क्या है सचेत ऐप? (What is SACHET App?)
सचेत ऐप एक आपदा पूर्व चेतावनी और मौसम अलर्ट एप्लीकेशन है जिसे भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के तहत सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) द्वारा विकसित किया गया है। इसे नागरिकों को संभावित प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के साथ-साथ मौसम संबंधी अपडेट के बारे में वास्तविक समय, भू-लक्षित अलर्ट प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है।
ये भी पढ़ें: 'देश का खून खौल रहा, न्याय मिलकर रहेगा', PM मोदी ने 'मन की बात' में पहलगाम हमले पर क्या कहा? पढ़ें बड़ी बातें
देशभर में शुरू हो चुका है इस्तेमाल
यह सिस्टम पूरे भारत में उपलब्ध है और NDMA की वेबसाइट के अनुसार, इसमें जिओ-इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल होता है। यानी, यह सिस्टम लोगों की लोकेशन के आधार पर उन्हें सही समय पर सही अलर्ट भेजता है, जिससे आपदा से पहले जरूरी कदम उठाए जा सकें।
जनता के लिए बड़ी सुविधा
SACHET ऐप की मदद से अब आम नागरिकों को बाढ़, चक्रवात, भूकंप जैसी आपदाओं के बारे में पहले से जानकारी मिल सकेगी। इससे जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
C-DOT ने तैयार किया SACHET ऐप
आपदा प्रबंधन में एक बड़ा कदम उठाते हुए, भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के तहत सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलिमैटिक्स (C-DOT) ने SACHET ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप लोगों को प्राकृतिक और मानवीय आपदाओं की रियल टाइम जानकारी देगा।
रोजाना मिलेगा मौसम का हाल
इस ऐप के जरिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से मौसम की दैनिक रिपोर्ट और पूर्वानुमान भी मिलते हैं। इससे लोग अपने रोजमर्रा के काम मौसम के हिसाब से प्लान कर सकते हैं।
12 भाषाओं में उपलब्ध
देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों की सुविधा के लिए SACHET ऐप को 12 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इससे हर कोई अपनी भाषा में जानकारी पा सकता है।
लोकेशन के हिसाब से अलर्ट
यह ऐप यूजर्स को उनकी मौजूदा लोकेशन के आधार पर चेतावनी देता है। साथ ही, चाहें तो कोई भी दूसरी राज्य या जिले की जानकारी भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
आपातकालीन मदद भी मिलेगी
SACHET ऐप में आपदा के समय क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इसकी भी जानकारी दी गई है। इसके अलावा, इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर और प्रभावित इलाकों की भी डिटेल्स मिलती हैं।
फ्री में करें डाउनलोड
यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर मुफ्त में उपलब्ध है। SACHET ऐप देशवासियों को सुरक्षित और सतर्क रखने के लिए एक जरूरी साधन बनता जा रहा है।
ये भी पढ़ें: देश में खेती का बदलता चेहरा! 'मन की बात' में पीएम मोदी ने किसानों के परिश्रम को सराहा












Click it and Unblock the Notifications