'देश का खून खौल रहा, न्याय मिलकर रहेगा', PM मोदी ने 'मन की बात' में पहलगाम हमले पर क्या कहा? पढ़ें बड़ी बातें
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (27 अप्रैल) को 'मन की बात' के 121वें एपिसोड में पहलगाम आतंकी हमले को फिर से याद किया और इंसाफ का भरोसा दिलाया है। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को न्याय जरूर मिलेगा। पीएम मोद ने कहा, ''आज जब मैं आपसे मन की बात कर रहा हूं, तो मन में गहरी पीड़ा है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी वारदात ने देश के हर नागरिक को दुख पहुंचाया है। पीड़ित परिवारों के प्रति हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है। भले ही वो किसी भी राज्य का हो, वो कोई भी भाषा बोलता हो लेकिन वो उन लोगों के दर्द को महसूस कर रहा है, जिन्होंने इस हमले में अपने परिजनों को खोया है।''
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''पूरा विश्व, आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में, 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है। मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हेंन्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा। इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा। ''

PM मोदी ने कहा- आतंकी और आतंक के आका चाहते हैं, कश्मीर फिर से तबाह हो जाए
पीएम मोदी ने कहा, ''पहलगाम में हुआ ये हमला, आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों खुले थे, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी, युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को ये रास नहीं आया।''
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''आतंकी और आतंक के आका चाहते हैं, कश्मीर फिर से तबाह हो जाए और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया। आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता, 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता, हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही एकता, आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है।''
PM मोदी ने कहा- भारत एक ग्लोबल स्पेस पॉवर बन चुका है
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''आज भारत एक ग्लोबल स्पेस पॉवर बन चुका है। हमने एक साथ 104 सैटेलाइट का लॉन्च करके रिकॉर्ड बनाया है। हम चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचने वाले पहले देश बने हैं। भारत ने मार्स ऑर्बिटर मिशन का प्रक्षेपण
किया है और हम आदित्य L1 मिशन के जरिए सूरज के काफी करीब तक पहुंचे हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''आज भारत पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा कॉस्ट इफेक्टिव लेकिन सफल अंतरिक्ष कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहा है। दुनिया के कई देश अपनी सैटेलाइट और स्पेस मिशन के लिए ISRO की मदद लेते हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''अब भारत ने अपने स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए भी ओपेन कर दिया है। आज बहुत से युवा स्पेस स्टार्टअप में नए झंडे लहरा रहे हैं। 10 साल पहले इस क्षेत्र में सिर्फ एक कंपनी थी, लेकिन आज देश में सवा तीन सौ से ज्यादा स्पेस स्टार्टअप काम कर रहे हैं। आने वाला समय स्पेस में बहुत सारी नई संभावनाएं लेकर आ रहा है।''












Click it and Unblock the Notifications