गिरिराज सिंह कान में क्या फुसफुसा रहे हैं ? शशि थरूर ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली: मत्स्य पालन विभाग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक टिप्पणी पर सियासत थमने का नाम ही नहीं ले रही है। दरअसल, कांग्रेस नेता ने पुड्डुचेरी में सत्ता में आने पर मछुआरा समाज की भलाई के लिए मत्स्य पालन मंत्रालय खोलने की बात कही थी। इसको लेकर भाजपा के तमाम बड़े नेता उनकी खिंचाई कर चुके हैं कि यह तो पहले से ही है। गृहमंत्री अमित शाह ये कहकर उनपर तंज कस चुके हैं कि जब यह बना तो शायद वो वैकेशन पर थे, इसलिए उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वहीं केंद्रीय पशु पालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने संसद में उनपर यह कहकर तंज कसा कि उन्हें अभी स्कूल भेजे जाने की जरूरत है। अब एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें गिरिराज सिंह केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के कान में कुछ कह रहे हैं। यह तस्वीर ट्विटर पर वायरल हुआ तो उन्होंने इस मसले पर अपने नेता बचाने की कोशिश की है। (तस्वीर सौजन्य- पायल मेहता: ट्विटर)

दरअसल,इस फोटो को लगाकर पायल मेहता नाम के एक ट्विटर हैंडल से टिप्पणी की गई है- 'फोटो ऑफ द डे' और इसे शशि थरूर और गिरिराज सिंह को टैग कर दिया गया है। इसपर कांग्रेस सांसद ने जवाब में लिखा है- 'यह तबकी है, जब मैंने गिरिराज सिंह से कहा था कि बड़े पशु पालन मंत्रालय में मत्स्य विभाग और मत्स्य मंत्रालय एक नहीं है, जिसके बारे में कांग्रेस और राहुल गांधी की मांग सही है (और मैं तो 2014 से ही यह कह रहा हूं।)' इसपर ट्विटर यूजर्स तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। कोई कह रहा है, 'जब काम आसानी से हो रहा है तो फिर ज्यादा संसाधान लगाने की क्या आवश्यकता है' तो कोई कह रहा है कि 'राजनीति में अलग हैं, लेकिन वैसे दोस्त हैं।' किसी ने लिखा है कि 'लगता है कि कांग्रेस में एक और मोर्चा खुलने वाला है।' सुरेंद्र यादव नाम के एक ट्विटर हैंडल से तो यहां तक तंज किया गया है 'गिरिराज सिंह जी पूछ रहे हैं बीजेपी में कब आ रहे हैं?'

बता दें कि राहुल गांधी के बयान पर गिरिराज सिंह ने कहा था कि 'इनके नेता को स्कूल भेजना चाहिए। इन्हें बताना चाहिए कि देश में कौन-कौन से विभाग काम करते हैं.....'









Click it and Unblock the Notifications