सैम पित्रोदा के बयान पर इंडिया अलायंस ने काटी कन्नी, जानिए कांग्रेस ने क्या कहा?
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स के बाद बैठे-बैठे विपक्षियों को एक और मुद्दा दे दिया है। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों की विवादित रूप से तुलना करते नजर आ रहे हैं।
सैम पित्रोदा इस वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीनी जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरबी जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले गोरों के जैसे और दक्षिण में रहने वाले लोगो अफ्रीकी की तरह दिखते हैं।

सैम पित्रोदा के इस बयान पर विवाद शुरू हो गया है। उनके इस बयान को पीएम मोदी ने भी तुरंत लपक लिया। तेलंगाना के वारंगल में सभा कर रहे पीएम मोदी ने कहा, "आज मैं बहुत गुस्से में हूं। लोग मुझे गाली दें तो मैं गाली सह लेता हूं।। लेकिन शहजादे के फिलॉसफर ने इतनी बड़ी गाली दी है कि मेरे मन में गुस्सा भर गया है।"
पीएम मोदी ने कहा, "क्या मेरे देश में चमड़ी का रंग देखकर लोगों की योग्यता तय होगी। चमड़ी के रंग का खेल खेलने का हक शहजादे को किसने दिया है। संविधान सर पर लेकर नाचने वाले लोग मेरे देश का अपमान कर रहे हैं।"
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सैम पित्रोदा के बयान पर कहा कि 'यह हैरान करने वाला और भद्दा बयान है। वह राहुल गांधी के मेंटोर हैं। यह राहुल गांधी की शब्दावली और विचारधारा है।
पूनावाला ने कहा कि उन्होंने पहले जाति, धर्म और भाषा के आधार पर बांटा और अब भारतीयों को भारतीयों से बांट रहे हैं। भारत के लोग चीनी लगते हैं क्या ये नस्लवादी टिप्पणी नहीं है? क्या ये आपत्तिजनक बयान नहीं है? ये दिखाता है कि कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान में असल में नफरत का सामान है।
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने इससे किनारा कर लिया। कांग्रेस ने कहा कि भारत की विविधता की ये परिभाषा मंजूर नहीं है। यह गलत है। कांग्रेस लीडर जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कहा, " सैम पित्रोदा ने भारत की विविधताओं की जो उपमाएं दी हैं, वह गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।"
सैम पित्रोदा की विवादास्पद टिप्पणी पर, शिव सेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "मैं उनके बयान से सहमत नहीं हूं। लेकिन, क्या वह घोषणापत्र समिति के सदस्य हैं, कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं और क्या वह इस देश में रहते हैं? उनके मुद्दों को देश का मुद्दा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है... एक तरफ जनता के मुद्दे हैं और दूसरी तरफ दूसरी तरफ, सैम पित्रोदा अमेरिका से क्या कह रहे हैं, उससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है, न ही यह कोई मुद्दा है और न ही यह देश उनकी बातों पर प्रतिक्रिया देना चाहेगा...''
वहीं, पित्रोदा की टिप्पणी पर दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव समहत नजर आए। उन्होंने कहा, "यह इस देश की सुंदरता है। विभिन्न समुदायों, धर्मों के लोग और यहां अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियां रहती हैं। मुझे लगता है कि यही इसकी खूबसूरती है, हम मिलकर भारत बनाते हैं...बीजेपी का काम है उल्टा लेना।''












Click it and Unblock the Notifications