West Bengal Elections 2026: फालता में 21 मई को फिर वोटिंग, EC ने क्यों लिया फैसला?
West Bengal Elections 2026: पूरे देश की निगाहें 4 मई को लगी हुई हैं क्योंकि इस दिन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के चुनाव परिणाम सामने आने वाले हैं लेकिन इसी बीच एक बड़ी खबर ये है कि भारतीय चुनाव आयोग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया।
उसने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि सभी बूथों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान होगा। फलता के वोटों की गिनती 24 मई को होगी।
फालता में दोबारा मतदान क्यों?
मालूम हो कि मतदान के दौरान फलता में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे जहां स्थानीय लोगों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं पर धमकियां देने का आरोप लगाया था। इसी को देखते हुए आयोग ने "free and fair election" सुनिश्चित करने के लिए पुनर्मतदान का आदेश दिया है।

इससे पहले, डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम के 15 मतदान केंद्रों पर भी दोबारा मतदान हुआ। रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने इन बूथों पर चुनाव को अमान्य घोषित किया था।
चुनाव आयोग को ईवीएम में छेड़छाड़ की 77 शिकायतें मिली थीं
चुनाव आयोग को पश्चिम बंगाल चुनावों के दूसरे चरण में ईवीएम में छेड़छाड़ की 77 शिकायतें मिली थीं।अधिकारियों ने बताया कि कुछ ईवीएम पर राजनीतिक दल के बटन टेप या स्याही से ढके गए थे, जिससे मतदाता वोट नहीं डाल पा रहे थे तो वहीं कुछ बटनों पर इत्र लगाया गया ताकि दबाने वाले की पहचान विरोधी दल कर सकें। इसी गड़बड़ी के चलते फालता में री-पोलिंग का आदेश हुआ है।
फलता से 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, TMC का दबदबा
मालूम हो कि फलता में कुल 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। टीएमसी से जहांगीर खान, बीजेपी से दिबांगशु पांडा, कांग्रेस से अब्दुर रज्जाक मोल्ला और सीपीआई एम से संभु नाथ चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा दो निर्दलीय भी इस सीट से लड़ रहे हैं। बताते चलें कि फलता विधानसभा क्षेत्र पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित एक प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र है, जो डायमंड हार्बर लोकसभा सीट का हिस्सा है। 2021 के अनुसार, यह एक सामान्य सीट है। TMC का इस सीट पर दबदबा रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों पर टिकीं देश की निगाहें
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सीधा मुकाबला मुख्य रूप से सत्ताधारी TMC और BJP के बीच है,राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर सत्ता में वापसी का ख्वाब संजोए हुए हैं तो वहीं भाजपा ने दावा किया है कि वो इस बार बंगाल से TMC की विदाई कर देगी।
मोदी बनाम ममता की लड़ाई में कौन मारेगा बाजी?
इस चुनाव में रोजगार, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे हावी रहे हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 एक हाई-वोल्टेज और कांटे की टक्कर वाला चुनाव रहा है। भाजपा बनाम टीएमसी की लड़ाई पर पूरे देश की निगाहें लगी हुई हैं, कई एग्जिट पोलों में भाजपा की जीत बताई गई है जिसके बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर है लेकिन असली नतीजे सोमवार को आएंगे तब पता चलेगा कि किसके दावों में दम है।














Click it and Unblock the Notifications