पश्चिम बंगाल: बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के घर पर फेंके गए बम, चली 7 राउंड गोलियां
Recommended Video
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर पर बुधवार रात को बम फेंके गए। अर्जुन सिंह के भतीजे सौरभ का आरोप है कि 7 राउंड गोलियां भी चलाई गईं। उन्होंने इस हमले के पीछे ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी का हाथ बताया है। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

उत्तर 24 परगना जिले में जगतदल पुलिस थाने के अंतर्गत घटी इस वारदात के मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। हमले के बाद सांसद के घर के सामने पुलिस कमिश्नर मनोज समेत भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई है। इस मामले पर पुलिस का कहना है कि बीजेपी सांसद पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस उस वाहन की तलाश कर रही है, जिसमें सवार होकर अपराधी आए थे।
सांसद अर्जुन सिंह के भतीजे सौरभ सिंह ने टीएमसी पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बुधवार रात 9 बजे जब मजदूर भवन पहुंचे, तो अचानक घर पर 2 बम फेंके गए और जैसे ही हम लोग घर के बाहर आए तो वहां पर TMC नेता प्रमोद सिंह, संजय सिंह, नवनीत सिंह, रंजीत सिंह और हरगोविंद सिंह को देखा। सौरभ का दावा है कि टीएमसी नेताओं के पास रायफल भी थी।
दरअसल, लोकसभा चुनाव के वक्त से जारी राजनीतिक हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पश्चिम बंगाल में आए दिन बम फेंके जाने और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की हत्या के मामलों के बाद सियासत गरमाती रही है। सत्ताधारी दल टीएमसी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी हैं। इस हमले को लेकर भी सांसद के भतीजे ने एक बार फिर टीएमसी पर आरोप लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications