पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, चाहते तो ममता के बाल पकड़कर दिल्ली से निकाल सकते थे
नोटबंदी के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच ठन गई है।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी डिमोनेटाइजेशन पर लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोल रही हैं और इससे तिलमिलाई भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करना शुरू कर दिया हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने रविवार को ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर पार्टी चाहती तो उनको दिल्ली से बाल पकड़कर निकाल सकती थी। तृणमूल कांग्रेस ने इसे भाजपा की थर्ड क्लास पॉलिटिक्स कहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बोला ममता पर हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोल रहीं ममता बनर्जी पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एएनआई से बात करते हुए कहा, 'एक सीएम इस तरह के शब्द पीएम के लिए इस्तेमाल करती हैं, वो ठीक नहीं है। जब वो दिल्ली में नाटक कर रही थी, हम चाहते तो उनका बाल पकड़ के निकाल सकते थे, हमारी पुलिस है वहां। पर हम ऐसा नहीं करते।'
तृणमूल कांग्रेस ने दिया भाजपा को जवाब
सीएम ममता बनर्जी पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के हमले का जवाब देते हुए तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि भाजपा, ममता बनर्जी के खिलाफ धमकाने वाली भाषा में झूठे और व्यक्तिगत आरोप लगा रही है, यह बहुत निचले स्तर की थर्ड क्लास राजनीति है।
शनिवार से शुरू हुई है भाजपा-टीएमसी की जंग
शनिवार को मिदनापुर जिले के झारग्राम में पार्टी यूथ विंग को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि डिमोनेटाइजेशन के बाद ममता बनर्जी अपना आपा खो चुकी हैं इसलिए वे बार-बार दिल्ली और पटना जा रही हैं।
दिलीप घोष के इस बयान की भर्त्सना करते हुए रविवार को टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में नोटबंदी के खिलाफ तीन दिन के विरोध प्रदर्शन की घोषणा कर दी।
टीएमसी के जनरल सेक्रेटरी पार्था चटर्जी ने कहा, 'दिलीप घोष ने हमारी पार्टी सुप्रीमो के खिलाफ गुंडा वाली भाषा में अपशब्द कहे हैं। पार्टी इसे हल्के में नहीं ले रही है।'












Click it and Unblock the Notifications