वेडिंग फोटोग्राफर के फोन में क्या है?CDS बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर का बनाया था वीडियो,फोरेंसिक जांच के लिए भेजा
कोयंबटूर, 12 दिसंबर: तमिलनाडु पुलिस ने उस मोबाइल को अपने कब्जे में लेकर उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, जिससे सीडीएस बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर का एक वीडियो हादसे से ठीक पहले बनाया गया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो चुका है, जिसमें देखते ही देखते वह हेलीकॉप्टर घने कोहरे में गुम हो जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वीडियो बनाने वाले शख्स ने पहले खुद ही जाकर पुलिस को इस दुर्घटना के बारे में बताया था। शायद अब पुलिस उस फोन की रिकॉर्डिंग से इस हादसे के संदर्भ में उसका फोरेंसिक एनालिसिस करवाना चाहती है।

वीडियो बनाने वाले का मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेजा
सीडीएस बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर क्रैश होने से ठीक पहले का जिस शख्स ने वीडियो बनाया था, उसका मोबाइल फोन तमिलनाडु के कोयबंटूर से पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। बुधवार को नीलगिरी जिले में हुए इस हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो एक वेडिंग फोटोग्राफर ने यूं ही जिज्ञासा की वजह से बना लिया था, जो उस वक्त अपने दोस्तों के साथ कट्टेरी के जंगली इलाके में ही मौजूद था। इस हादसे में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत भारतीय वायुसेना और सेना के 13 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी। आईएएफ के एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर का वह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

प्रतिबंधित इलाके में मौजूद था वीडियो बनाने वाला!
तमिलनाडु पुलिस के मुताबिक यह मोबाइल फोन इस केस की जांच के लिए ही लिया गया है। यह फोन जिस जो नाम के शख्स का है, वह कोयंबटूर में ही वेडिंग फोटोग्राफर हैं और 8 दिसंबर को हादसे के वक्त उसी क्षेत्र में अपने कुछ दोस्तों के साथ गए हुए थे। उस वीडियो में हेलीकॉप्टर का कुछ सेकंड का वीडियो है, जो तुरंत ही कोहरे में गुम हो गया और फिर वह क्रैश हो गया। इसके अलावा पुलिस यह भी तहकीकात करने में लगी हुई है कि जो और उनके दोस्त घने जंगल के इलाकों क्यों गए थे? क्योंकि, पुलिस के अनुसार वहां जंगली जानवरों कr गतिविधियां बहुत ज्यादा रहती हैं और इसलिए वह निषिद्ध इलाका है।

आईएएफ करवा रहा है उच्च स्तरीय जांच
इस दर्दनाक हादसे की जांच के लिए इंडियन एयरफोर्स तीनों सेनाओं की एक उच्च स्तरीय कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित की हुई है। यह हादसा तब हुआ, जब देश के सबसे प्रमुख जनरल वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज में संबोधन के लिए जा रहे थे। इस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जनरल रावत और उनकी पत्नी के अलावा ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान (पायलट), स्क्वॉर्डन लीडर कुलदीप सिंह (को-पायलट), जूनियर वारंट ऑफिसर राणा प्रताप दास, जूनियर वारंट ऑफिसर अरक्कल प्रदीप, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी साई तेजा, हवलदार सतपाल राय, नायक गुरसेवक सिंह और नायक जितेंद्र कुमार का निधन हो गया। हेलीकॉप्टर में सवार सिर्फ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ही जीवित बचे हैं, जिनका इलाज बेंगलुरु के मिलिट्री अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक उनकी स्थिति 'गंभीर' बनी हुई है।
सीडीएस रावत का आखिरी संदेश
इस बीच भारतीय सेना ने सीडीएस बिपिन रावत का पहले से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने 'स्वर्णिम विजय पर्व' के अवसर पर संदेश दिया है। हेलीकॉप्टर हादसे से ठीक एक दिन पहले दिए संदेश में उन्होंने कहा था- "अपनी सेनाओं पर है हमें गर्व, आओ मिलकर मनाएं विजय पर्व। जय हिंद!"












Click it and Unblock the Notifications