Weather Warning: दिल्ली-NCR में हुई बारिश, इन राज्यों में आ सकता है आंधी-तूफान, गिर सकते हैं ओले
नई दिल्ली। देश इस वक्त कोरोना संकट से जूझ रहा है लेकिन इसी बीच बेमौसम बरसात ने किसानों की पेशानी पर बल डाल दिया है, राजधानी दिल्ली और NCR समेत भारत के विभिन्न हिस्सों में आज सुबह से ही घने बादल छाए हैं और बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, मालूम हो कि भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही पश्चिमी उत्तर भारत के सभी क्षेत्रों में आज से लेकर अगले दो दिनों तक के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था।

देश के कई राज्यों में हो रही है बारिश
बता दें कि देश के कई राज्यों में इस वक्त बारिश हो रही है, जिसके कारण लोग काफी परेशान हैं, शनिवार रात बिहार के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, खबर है कि पूर्वी चंपारण, बांका और नालंदा जिले में वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
तो वहीं स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम , हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, तटीय और आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी ओडिशा, अंडमान व निकोबार , जम्मू कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार हैं तो वहीं कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली भी चमक सकती है और ओले गिरने की भी आशंका है।
देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश हो सकती है
जबकि भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली-एनसीआर, उत्तरी प्रदेश, केरल, आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिणी कर्नाटक में तेज बारिश हो सकती है तो वहीं राजस्थान के भागों में धूलभरी आंधी के साथ बारिश के आने की आशंका है, जबकि देश के पूर्वोत्तर इलाके में भी आंधी-तूफान आ सकता है।

धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश होने की संभावना
तो वहीं पश्चिमी चक्रवात सक्रिय होने से पंजाब और हरियाणा में धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश होने की संभावना है तो वहीं गुजरात के लोगों को भी आंधी का सामना कर पड़ सकता है, इस दौरान लोगों को सचेत रहने के लिए कहा गया है।
'चक्रवाती तूफान' का खतरा
'चक्रवाती तूफान' का खतरा मंडरा रहा है, स्काईमेट वेदर के मुताबिक ये तूफान मई महीने में देश में दस्तक दे सकता है, बंगाल की खाड़ी से उठने वाला तूफान ओडिशा और उसके आस-पास के राज्य के लिए मुसीबत बन सकता है, ऐसा माना जाता है कि साल में दो बार ऐसा होता है, जब 'चक्रवाती तूफान' आने की आशंका होती है।












Click it and Unblock the Notifications