Weather Update: हिमाचल-जम्मू में बर्फबारी, UP में बारिश से बढ़ी ठंड, कैसा है मौसम का मिजाज?
Weather Update News: मार्च की शुरुआत से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बारिश, ओलावृष्टि, बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ गई। रविवार को हिमाचल प्रदेश के लाहौल, स्पीति जिले और कुल्लू क्षेत्र के कई हिस्सों में में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आ गई। वहीं, मध्य प्रदेश के चित्रकूट में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई।
उधर, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में बर्फबारी के के कारण कई स्थानों पर रास्ते बंद हो गए। जिसके कारण स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की मानें तो, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश या बर्फबारी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और सिक्किम में मध्यम तूफान या ओलावृष्टि के साथ मौजूदा बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और बर्फबारी हुई, जबकि शुक्रवार और शनिवार को हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी हुई थी।
प्री-मानसून सीजन की गीली शुरुआत
लेकिन, अधिकारियों ने कहा कि लगातार पश्चिमी विक्षोभ 11 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं। जिससे प्री-मानसून सीजन की शुरुआत गीली होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मार्च के मध्य तक उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में 5 दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 4 से 5 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कोटा ,भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान बादलों के गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
यूपी में इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में शनिवार की रात से ही रूक-रूक कर बारिश हो रही है। रविवार को राजधानी लखनऊ में सुबह से ही बारिश का खेल जारी रहा। शाम होते-होते बारिश की बूंदों ने ओलावृष्टि का रूप ले लिया। मौसम विभाग ने यूपी के लखनऊ, अमेठी, अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, हरदोई, रायबरेली, श्रावस्ती, सीतापुर, उन्नाव सहित कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई। यूपी के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया।
दिल्ली में दो दिनों का अलर्ट
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने अचानक करवट ली। बारिश की बूंदों और ठंडी हवा से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications