Weather Forecast: 4 मई को कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? कहीं लू तो कहीं बारिश-आंधी का अलर्ट
Weather Forecast: बढ़ती गर्मी के बीच जहां एक ओर सूरज ने आग उगलनी शुरू कर दी है, वहीं दूसरी ओर बादल भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने को तैयार हैं। मौसम का मिजाज इस बार पूरे देश में अलग-अलग रूप दिखा रहा है-कहीं झुलसाती लू लोगों को बेहाल कर रही है, तो कहीं गरजते बादल राहत की उम्मीद जगा रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक, 4 मई को भारत का मौसम एक साथ गर्मी और बारिश दोनों का सामना करेगा। आइए जानते हैं कहां बरसेगा पानी और कहां तपेगी धरती।

उत्तर और मध्य भारत झेलेंगे लू की मार
देश का बड़ा हिस्सा 4 मई को लू से झुलसने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्य तपने वाले हैं। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर कर्नाटक में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा। यहां तक कि रातें भी चैन नहीं लेने देंगी, क्योंकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली में रिकॉर्ड बारिश ने मचाई अफरा-तफरी, मौसम विभाग की भविष्यवाणी भी फिर हुई फेल
दक्षिण और पूर्वी भारत को थोड़ी राहत
जहां एक ओर देश के कुछ हिस्से गर्मी में पसीना-पसीना होंगे, वहीं दक्षिण भारत और कुछ पूर्वी राज्य जैसे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और बंगाल थोड़ी राहत की सांस ले सकते हैं। यहां तापमान सामान्य या उससे थोड़ा नीचे रह सकता है। लेकिन मौसम यहां भी रंग बदल सकता है।
उत्तर भारत में गरज-चमक के साथ बारिश का इंतजार
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं, जो गर्मी से कुछ राहत दिला सकते हैं।
पूर्व और मध्य भारत में मौसम दिखाएगा तेवर
बिहार, झारखंड, ओडिशा, बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बादल अपना खेल दिखा सकते हैं। गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी मौसम रहेगा मिजाज में
कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां तेज हवा 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना भी है।
पूर्वोत्तर में झमाझम बारिश के आसार
पूर्वोत्तर भारत में मौसम एक बार फिर सक्रिय हो गया है। यहां व्यापक बारिश हो सकती है, साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम की चेतावनी को न करें नजरअंदाज
मौसम विभाग ने लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। लू प्रभावित इलाकों में ज्यादा देर तक धूप में न रहें और खूब पानी पीते रहें। वहीं, जहां तेज हवाओं और आंधी की संभावना है, वहां लोग घर में ही रहें और खुले में रखे सामान को सुरक्षित कर लें। मौसम से जुड़ी हर अपडेट के लिए IMD की वेबसाइट और स्थानीय अलर्ट पर नजर बनाए रखें।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand Weather देहरादून समेत चारों धाम में बदला मौसम, बर्फबारी व बारिश से बढ़ी ठंड, जानिए कब तक राहत












Click it and Unblock the Notifications