Weather Forecast: उत्तर से दक्षिण भारत तक IMD ने जारी किया मौसम को लेकर अलर्ट, केरल के स्कूल बंद, देखें अपडेट
Weather Forecast: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 31 मई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
केरल में हालात गंभीर हो सकते हैं, जहां आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है और स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। दिल्ली में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, वहीं पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। IMD ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी हर जानकारी पर नजर बनाए रखें।

दिल्ली-एनसीआर में आंधी और हल्की बारिश का अनुमान
दिल्ली और नोएडा सहित NCR के इलाकों में आज का दिन हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ गुजर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: 100 दिन की CM रेखा गुप्ता का रिपोर्ट कार्ड, क्या हैं 15 बड़ी नाकामियां? दिल्ली BJP सरकार पर AAP का वार
उत्तर प्रदेश में आंधी का असर
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी का असर देखने को मिला है। कानपुर में हवाओं की रफ्तार 70 किमी/घंटा तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ समेत चार जिलों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट है। देहरादून समेत अन्य इलाकों में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। प्री-मानसून की गतिविधियों की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है।
हरियाणा-पंजाब में भी बदलेगा मौसम
हरियाणा और पंजाब में भी गरज-चमक और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
केरल में रेड अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत में केरल सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। यहां आठ जिलों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पथानामथिट्टा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की और कोझिकोड जैसे जिलों में आज स्कूल बंद रहेंगे और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय यात्रा पर रोक लगाई गई है।
चेन्नई और तमिलनाडु में भी बदल सकता है मौसम
चेन्नई में आज बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। एक-दो दिन बाद हल्की बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की आशंका
असम और मेघालय जैसे राज्यों में भी आज तेज बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
मानसून को लेकर अच्छी खबर
मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है। इससे खेती और जल आपूर्ति को फायदा मिल सकता है।
मौसम विभाग की सलाह
देश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। ऐसे में बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और मौसम विभाग के ताजा निर्देशों का पालन करें।
ये भी पढ़ें: Weather Alert UP: मौसम ने ली करवट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी












Click it and Unblock the Notifications