MP News: कूनो में मादा चीता KOMG 3 ने चार शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हुई
बोत्सवाना से जन्मी मादा चीता, KOMG 3, ने मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चार शावकों को जन्म दिया है। इस उपलब्धि से भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें से 43 देश में जन्मे हैं, जो प्रोजेक्ट चीता के चल रहे प्रयासों और वन्यजीव पेशेवरों और रेंजर्स की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।
भोपाल: मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता KOMG 3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इस उपलब्धि के साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रोजेक्ट चीता से जुड़े अधिकारियों, वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों और वनकर्मियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बोत्सवाना से लाई गई किसी मादा चीता द्वारा भारत में पहली बार शावकों को जन्म देना प्रोजेक्ट चीता की ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह मध्य प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बताया कि मादा चीता KOMG 3 ने चार महीने से अधिक समय जंगल में बिताने के बाद प्राकृतिक परिस्थितियों में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। यह भारत में चीतों की व्यवहार्य आबादी को फिर से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और उत्साहजनक कदम है।
भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में चीता पुनर्स्थापना कार्यक्रम शुरू होने के बाद जंगल में शावकों के जन्म की यह दूसरी दर्ज घटना है। चार नए शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। इनमें 43 भारत में जन्मे चीते हैं।
उन्होंने कहा कि चीतों का प्रत्येक नया जन्म वन्यजीव संरक्षण के संकल्प को और मजबूत करता है। यह सफलता धैर्य, दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर प्रयास और सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। इससे देश में चीता पुनर्स्थापना अभियान को नई मजबूती मिलेगी।
प्रोजेक्ट चीता से जुड़े अधिकारियों और वनकर्मियों की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि के लिए प्रोजेक्ट चीता के प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों, वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों और अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इन सभी के समर्पण, अथक परिश्रम और प्रतिबद्धता से यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। मध्य प्रदेश वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट चीता से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश में वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणादायक है।


Click it and Unblock the Notifications
