Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में गिरा पारा, जानिए यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
Weather Forecast News: जैसे-जैसे नवंबर का महीना खत्म होने वाला है, वैसे-वैसे ही ठंड पूरे देश में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। लोग अपने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। सुबह और शाम के वक्त तापमान में गिरावट आ रही है। हालांकि, दोपहर में मौसम थोड़ा गर्म रहता है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मौसम के मिजाज पर असर पड़ने की उम्मीद है। आइए जानते हैं कि कल का मौसम कैसा रहेगा।
दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह और शाम दोनों समय धुंध और कोहरा छाए रहने का अनुमान है। 22 से 26 नवंबर तक अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से लेकर न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, इस दौरान धुंध छाई रहेगी।

उत्तरी राज्यों में मौसम की स्थिति
पंजाब और हरियाणा में कल आसमान साफ रहेगा और कोहरे की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, ठंड की स्थिति बनी हुई है। 23 और 24 नवंबर को दोनों राज्यों में घना कोहरा छा सकता है। 24 से 26 नवंबर तक कोहरे की कोई चेतावनी नहीं है। पंजाब का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जबकि हरियाणा में तापमान पहले जैसा ही बना हुआ है।
पहाड़ी राज्यों के कैसे रहेंगे हाल?
पहाड़ी इलाकों में भी पारा गिरने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख इलाकों में कल अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से -1 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। यह पैटर्न 22 से 26 नवंबर तक जारी रहने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए पूर्वानुमान
हिमाचल प्रदेश में कल मौसम साफ रहेगा, लेकिन 23 नवंबर को कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से लेकर -1 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। उत्तराखंड में कल घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है और यह 23 नवंबर तक जारी रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है और तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कई इलाकों में दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगे और भी ठंड होगी।
राजस्थान का मौसम पूर्वानुमान
राजस्थान में कई स्थानों पर ठंड और कोहरा दोनों बढ़ गए हैं। कल पारे में और गिरावट आने की संभावना है, जो ठंड में वृद्धि का संकेत है। जयपुर और बीकानेर संभाग जैसे जिलों में घना कोहरा छा सकता है। 21 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा तथा कुछ स्थानों पर कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications