Weather: दिल्ली समेत कई राज्यों में कोहरे का असर, जानिए कब मिलेगी ठंड से राहत
Weather Today: उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हिमपात हुआ है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत अन्य कई राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अगले हफ्ते बारिश और हिमपात हो सकता है।
कब मिलेगी ठंड से राहत?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। उसके बाद तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है। राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर में शुक्रवार सुबह घना कोहरा देखा गया, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ा। माउंट आबू में तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कश्मीर में हिमपात और शीतलहर
कश्मीर में हिमपात के बाद ठंड की स्थिति और बढ़ गई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे था, जबकि पहलगाम में यह -11.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भीषण शीतलहर का असर जारी है। निचले पहाड़ी इलाकों में तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। ऊना और हमीरपुर में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया।
पंजाब और हरियाणा में शीत दिवस
पंजाब और हरियाणा में भी शीत दिवस की स्थिति है। पठानकोट में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस था, जबकि चंडीगढ़ में तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ-साथ घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता में कमी आई। लखनऊ जैसे शहरों में यातायात प्रभावित हुआ। इटावा में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और ठंड का दौर जारी
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली-एनसीआर के बाहरी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा था, जिससे रेल परिचालन पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने शनिवार को शुष्क मौसम की संभावना जताई है, लेकिन रात और सुबह के समय कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में सर्द हवाओं के बीच ठंड
राजस्थान में जयपुर सहित कई इलाकों में सर्द हवाओं के साथ ठंड का असर बना हुआ है। सिरोही में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिससे हल्की बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें Saif Ali Khan: सैफ अली खान पर हमले का एक और बड़ा सुराग! मुंबई पुलिस ने जारी किया बयान












Click it and Unblock the Notifications