CAB: CM सोनोवाल ने जारी किया VIDEO संदेश, कहा-करेंगे प्रत्येक नागरिक के अधिकार की रक्षा
गुवाहटी। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन के चलते हिंसा की आग में इस वक्त असम सुलग रहा है, इसी बीच आज राज्य के सीएम सर्बानंद सोनोवाल इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने वाले हैं, वो पीएम और गृहमंत्री दोनों को राज्य की ताजा स्थिति की जानकारी देंगे, पीएम से मुलाकात से पहले सोनोवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर जनता से शांति की अपील की है।
CM सोनोवाल ने जारी किया VIDEO संदेश
सीएम सोनोवाल ने अपने वीडियो संदेश ट्वीट किया, 'हम सभी वास्तविक भारतीय नागरिकों और असम के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, मैं समाज के सभी वर्गों से आह्वान करता हूं कि वे ऐसे तत्वों को विफल करें जो नागरिकता संशोधन विधेयक पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और हिंसा में लिप्त हैं, चलिए हम सब मिलकर असम की विकास यात्रा जारी रखते हैं।'
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जारी है प्रदर्शन
मालूम हो कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन के चलते तनाव झेल रहे असम में आज कुछ जगहों में कर्फ्यू में ढील दी गई है, राजधानी गुवाहाटी में रविवार सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई है, हालांकि इंटरनेट और मोबाइल सेवा आज भी बंद है। जबकि वहीं पूर्वोत्तर में बीजेपी की प्रमुख सहयोगियों में से एक असम गण परिषद ने उसे बड़ा झटका दिया था, पहले तो उसने कानून का समर्थन किया था, लेकिन अब इसके विरोध का ऐलान किया है।

असम गण परिषद ने दिया बीजेपी को झटका
असम गण परिषद ने यह भी कहा है कि वो नागरिकता संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी, इस मुद्दे पर असम गण परिषद का एक दल प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से भी मिलेगा, बता दें कि एजीपी बीजेपी की अगुवाई वाली असम सरकार का भी हिस्सा है और राज्य की कैबिनेट में उसके तीन मंत्री भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications