Voter Helpline: चुनाव आयोग ने शुरू की वोटर हेल्पलाइन, बस एक नंबर घुमाते मिलेगी हर जानकारी
Voter Helpline: देश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के बीच चुनाव आयोग ने एक बड़ी पहल की है। अब मतदाताओं को वोटर लिस्ट से जुड़ी किसी भी परेशानी के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। आयोग ने राष्ट्रीय स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के साथ-साथ सभी राज्यों और जिलों में अलग-अलग संपर्क केंद्र भी सक्रिय कर दिए हैं।
इन केंद्रों के जरिए लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। साथ ही सीधे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से बात करने के लिए कॉल भी बुक कर सकते हैं। आयोग ने कहा है कि हर शिकायत की निगरानी की जाएगी और 48 घंटे के अंदर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

आयोग ने बुधवार को बताया कि राष्ट्रीय वोटर हेल्पलाइन और देशभर में 36 राज्य और जिला स्तर की हेल्पलाइन शुरू कर दी गई हैं। ताकि लोगों की वोटर लिस्ट से जुड़ी शिकायतें और सवाल आसानी से सुने जा सकें।
ये भी पढ़ें: Bihar Final Voter List: बिहार के इन 5 जिलों में सबसे ज्यादा वोट कटे, मुस्लिम इलाकों के आंकड़े ने चौंकाया
4 दिसंबर तक जमा करने होंगे फार्म
नए दिशानिर्देशों के तहत करीब 51 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं को 4 दिसंबर तक नाम जुड़वाने या सुधार के लिए आवश्यक फॉर्म भरने होंगे। इसके बाद मतदाता सूची का मसौदा तैयार किया जाएगा।
आयोग के मुताबिक नेशनल कॉन्टैक्ट सेंटर (NCC) सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एक केंद्रीय हेल्पलाइन की तरह काम करेगा। यह हर दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित रहेगा। हेल्पलाइन नंबर 1800-11-1950 (टोल-फ्री) है। इस नंबर पर कॉल करने वालों को प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा मदद दी जाएगी।
राज्य और जिले में भी बने संपर्क केंद्र
ECI ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और जिलों को अपने-अपने स्टेट कॉन्टैक्ट सेंटर (SCC) और डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) बनाने का निर्देश दिया है। ये केंद्र कार्यदिवसों में दफ्तर के समय के दौरान काम करेंगे और स्थानीय भाषा में सहायता देंगे।
सभी शिकायतें और सवाल नेशनल ग्रीवांस सर्विस पोर्टल के जरिए दर्ज और ट्रैक किए जाएंगे। आयोग ने एक नई सुविधा 'बुक-अ-कॉल विद BLO' भी शुरू की है, जिसके जरिए मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा ECINET प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
ECINET ऐप से भी जुड़ सकते हैं अधिकारी
नागरिक ECINET ऐप के जरिए भी चुनाव अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। आयोग ने सभी मुख्य, जिला और पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे हर शिकायत का निपटारा 48 घंटे के भीतर करें।
ईमेल और कॉल से भी मदद संभव
चुनाव आयोग ने कहा कि ये सभी सुविधाएं पहले से मौजूद व्यवस्थाओं के साथ मिलकर काम करेंगी। नागरिक अपनी शिकायतें [email protected] पर ईमेल से भेज सकते हैं, 'बुक-अ-कॉल विद BLO' का विकल्प वेबसाइट पर चुन सकते हैं। या फिर वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके जानकारी, सुझाव या शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Aadhaar Download: मिनटों में पाएं मोबाइल में आधार कार्ड, WhatsApp से डाउनलोड करने का आसान तरीका












Click it and Unblock the Notifications