'मंच पर ज्ञान और घर में बीवी की पिटाई', FIR दर्ज होने पर विवेक बिंद्रा की हुई थू-थू, अब पुलिस भी करेगी पूछताछ
Vivek Bindra News: मोटिवेशनल स्पीकर और बड़ा बिजनेस के सीईओ विवेक बिंद्रा दूसरी पत्नी यानिका (Yanika) के साथ मारपीट करने और घरेलू हिंसा के आरोपों को लेकर विवादों में हैं। इससे पहले विवेक बिंद्रा मोटिवेशनल स्पीकर संदीप माहेश्वरी के लगाए 'स्कैम' के आरोपों को लेकर चर्चाओं में थे।
विवेक पर नोएडा में उनकी पत्नी यानिका के भाई ने FIR भी दर्ज कराई है। विवेक पर पत्नी को बंद कमरे में बेरहमी से पीटने का आरोप है। सोशल मीडिया पर विवेक बिंद्रा की पत्नी के दो वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इन घटनाक्रमों के बाद अब विवेक ट्रोल हो रहे हैं। इस मामले में नोएडा पुलिस भी उनसे पूछताछ कर सकती है।

ट्विटर पर हैशटैग #VivekBindra पिछले दो दिनों से टॉप ट्रेंड में है। इस हैशटैग के साथ यूजर विवेक बिंद्रा की पत्नी यानिका के दो वीडियो शेयर कर उन्हें खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं। एक वीडियो में यानिका अस्पताल में दिख रही हैं, जहां वो अपने शरीर पर लगे चोट दिखा रही हैं। यानिका फिलहाल दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में हैं।
वहीं एक दूसरे वीडियो में विवेक बिंद्रा और उनकी पत्नी के बीच बहस होते दिख रहा है। इसके अलावा विवेक बिंद्रा संदीप माहेश्वरी के साथ जारी अपने विवादों को लेकर भी ट्रोल हो रहे हैं।
विवेक बिंद्रा को लेकर क्या कह रहे हैं यूजर?
एक यूजर ने कहा, 'विवेक बिंद्रा ने अपनी शादी के एक हफ्ते बाद ही अपनी पत्नी को इतना पीटा कि उसके कान के पर्दे फट गए! औरों को मोटिवेशनल स्पीच देने वाला विवेक बिंद्रा जल्लाद निकला!'
एक अन्य यूजर ने कहा, 'दूसरों को नसीहत, खुद के साथ फजीहत...!! आखिर ऐसा भी क्या हुआ ....जो इस कदर अपनी पत्नी को पीटना पड़ा की वो अस्पताल में भर्ती हो गई। ये शर्मनाक हरकत है।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'मंच और सोशल मीडिया पर ज्ञान की बात करने वाले विवेक बिंद्रा घर में बीवी की पिटाई करते हैं।' एक यूजर ने लिखा, 'हाथी के दांत खाने के कुछ और दिखाने के कुछ और।'
जानिए विवेक बिंद्रा की पत्नी का क्या है आरोप?
विवेक बिंद्रा पर शादी के कुछ ही दिन उनकी दूसरी पत्नी यानिका ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक विवेक बिंद्रा के खिलाफ यानिका के भाई वैभव क्वात्रा ने नोएडा के सेक्टर 126 में मामला दर्ज कराया और एफआईआर दर्ज करवाई है।
विवेक बिंद्रा ने 06 दिसंबर को यानिका से दूसरी शादी की थी और ये मारपीट की घटना 07 दिसंबर की बताई जा रही है। यानिका के भाई वैभव का दावा है कि, यह घटना नोएडा के सेक्टर 94 में सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में हुई, जहां ये कपल रहते थे।
शिकायत के मुताबिक 7 दिसंबर को विवेक बिंद्रा और उनकी मां प्रभा के बीच तीखी बहस हुई। इसी दौरान उनकी पत्नी यानिका बीच-बचाव करने आई। जिससे विवेक ने गुस्से में यानिका को एक कमरे में ले गए, उसको मारा-पीटा, गाली दी और शारीरिक उत्पीड़न किया।
शिकायत में आगे कहा गया है कि हमले के कारण यानिका की सुनने की क्षमता कमजोर हो गई है। उनके कान का पर्दा फट गया है।
विवेक बिंद्रा पर बीते 14 दिसंबर को केस दर्ज किया गया था। नोएडा पुलिस ने विवेक के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 427 और 325 सहित धाराओं में केस दर्ज किया है। नोएडा पुलिस इस मामले में विवेक बिंद्रा से पूछताछ भी कर सकती है। पुलिस ने कहा है कि जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications