'मैं क्रिमिनल, चोर नहीं हूं, कोर्ट ट्रायल के लिए तैयार हूं', विजय माल्या का विस्फोटक खुलासा, अब मांग रहे माफी!
Businessman Vijay Mallya News: किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख और भारत में धोखाधड़ी के मामलों का सामना विजय माल्या अपने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में हैं। इस इंटरव्यू में फरार चल रहे कारोबारी विजय माल्या ने कई विस्फोटक खुलासे किए हैं। विजय माल्या ने चोरी के आरोपों से इनकार किया है और साथ ही किंगफिशर एयरलाइंस की विफलता के लिए देश की जनता से माफी मांगा है।
यूट्यूबर राज शमानी के साथ चार घंटे लंबे पॉडकास्ट के दौरान विजय माल्या ने कहा, ''मैं किंगफिशर एयरलाइंस की विफलता के लिए सभी से माफी मांगता हूं।" रिपोर्ट के मुताबिक ये पॉडकास्ट लंदन में किया गया है। विजय माल्या ने भारत न लौटने के सवालों पर कहा कि अगर उन्हें ये भरोसा दिलाया जाए कि भारत में मामले की निष्पक्ष सुनवाई होगी...तो वापस आने पर विचार करेंगे। आइए जानें विजय माल्या ने और क्या-क्या कहा?

🔴 विजय माल्या बोले- 'मैं कोई क्रिमिनल या चोर नहीं हूं'
विजय माल्या ने कहा,
''मैं कोई क्रिमिनल या चोर नहीं हूं। मुझे आप भगोड़ा कह सकते हैं लेकिन चोर मत करिए। मुझे भारत में राजनीति करने वाले लोग चोर कहते हैं। मार्च 2016 के बाद भारत न जाने के लिए मुझे भगोड़ा कहिए। मैं भागा नहीं, मैं पहले से तय यात्रा पर भारत से बाहर गया था। ठीक है, मैं उन कारणों से वापस नहीं लौटा, जिन्हें मैं उचित मानता हूं, इसलिए अगर आप मुझे भगोड़ा कहना चाहते हैं, तो कहें, लेकिन 'चोर' कहां से आ रहा है? 'चोरी' कहां से आ रही है? ये उचित नहीं है।''
🔴 विजय माल्या बोले- 'मैं भारत आने को तैयार हूं लेकिन...'
विजय माल्या ने कहा कि अगर उन्हें भारत में निष्पक्ष मुकदमे की गारंटी मिले, तो वह वापसी पर गंभीरता से विचार करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यूके हाई कोर्ट ने अन्य प्रत्यर्पण मामलों में भारतीय हिरासत की स्थितियों को मानवाधिकारों का उल्लंघन माना है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत वापस न लौटने के कारण उनकी परेशानियां और बढ़ गईं? तो उन्होंने कहा,
"अगर मुझे भारत में निष्पक्ष सुनवाई और सम्मानजनक जीवन का आश्वासन मिलता है, तो मैं वापस आने पर विचार कर सकता हूं...लेकिन मुझे नहीं लगता है कि ऐसा कभी होने वाला है।''
🔴 विजय माल्या बोले- 'मैं कोर्ट ट्रायल फेस करने के लिए तैयार हूं'
विजय माल्या ने कहा,
''मैं हर कोर्ट ट्रायल फेस करने के लिए तैयार हूं। अगर मेरे पर ट्रायल चलाया जाएगा तो मैं उसके लिए फाइट करूंगा...लेकिन वो सही तरीके से किया जाना चाहिए...ये सब पार्ट ऑफ लाइफ (जिंदगी का हिस्सा) है।''
विजय माल्या ने भारत में व्यापार करने की कठिनाइयों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत में एक बिजनेसमैन के लिए बहुत ही सख्त नियम बनाए गए हैं... चाहे सत्ता में कोई भी हो।
🔴 विजय माल्या ने कहा- 'मैं लोन सेटल करना चाहता हूं'
विजय माल्या ने कहा कि वह लोन सेटल करना चाहते हैं। विजय माल्या बोले,
''मैंने 4 बार सेटलमेंट के लिए 2014 से 2015 के बीच ऑफर किया था। लेकिन इसके बारे में कोई नहीं जानता है। मैंने कई सारे ऑफर उनको दिए थे...लेकिन उन्होंने सारे के सारे ऑफर रिजेक्ट कर दिए।''
विजय माल्या पर भारतीय बैंकों के एक समूह द्वारा किंगफिशर एयरलाइंस को दिए गए 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऋणों का कथित रूप से भुगतान न करने का आरोप है। विजय माल्या 2016 से यूनाइटेड किंगडम में रह रहा है, जहां वह प्रत्यर्पण कार्यवाही का सामना कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications