वंदे भारत मिशन: यूनाइटेड किंगडम से मुंबई वापस आए 326 भारतीय, अब तक 1373 लोगों को किया गया एयरलिफ्ट
नई दिल्ली: कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया में जारी है। कोरोना से बचने के लिए सभी देशों ने अपनी सीमाएं सील कर दी हैं, जिस वजह से लाखों भारतीय दूसरे देशों में फंस गए हैं, जिन्हें निकालने के लिए भारत सरकार ने वंदे भारत मिशन लांच किया है। इस मिशन के तहत 9 दिनों के अंदर 12 देशों में फंसे 14 हजार भारतीयों को एयरलिफ्ट किया जाएगा। शनिवार को 326 भारतीय नागरिकों को यूनाइटेड किंगडम से वापस लाया गया। भारतीय नौसेना के तीन जहाज भी इस ऑपरेशन में लगे हैं।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक 326 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया के विशेष विमान ने शनिवार को मुंबई में लैंड किया। लैंड करने के बाद सभी के स्वास्थ्य की जांच की गई। वहीं उनके सामान पर कैमिकल का प्रयोग कर उसे संक्रमण मुक्त किया गया। वापस आए सभी यात्रियों को क्वारंटाइन किया जाएगा। मामले में ट्वीट करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि 1373 भारतीयों को दुबई, कुवैत, मस्कट, शारजाह, कुआलालम्पुर और ढाका से एयरलिफ्ट किया गया। ये फ्लाइट मुंबई, दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में लैंड हुईं। उन्होंने घर लौटे सभी लोगों का स्वागत किया। साथ ही एयर इंडिया और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को धन्यवाद कहा।
15 मई तक चलेगा ऑपरेशन
विदेश मंत्रालय के मुताबिक 7 से 15 मई तक दूसरे देश में फंसे भारतीयों को निकालने का काम किया जाएगा। इस बीच एयर इंडिया 12 देशों के लिए 64 उड़ानों का संचालन करेगी। एयर इंडिया ने अपनी बुकिंग शुरू कर दी हैं, जो वापस आना चाहते हैं, वो टिकट बुक कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस मिशन के तहत कम से कम एक साल के वीजा वाले भारतीय नागरिकों को भी यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही वापस आने पर सरकार द्वारा जारी निर्देशों का भी पालन करना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications