देहरादून में बादल फटने से आईटी पार्क पानी में डूबा, मंडी में भी भारी बारिश से तबाही, जानें क्या हैं ताजा हालात
Dehradun cloudburst 2025 Update: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड (Uttarakhand heavy rain) में मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी। जगह-जगह भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और मकानों के ढहने की घटनाएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, हिमाचल के मंडी जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उत्तराखंड के देहरादून में फंसे 200 छात्रों समेत सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
दोनों राज्यों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार बारिश से भूस्खलन और फ्लैश फ्लड ने कहर बरपाया।

ब्रागटा गांव में एक मकान ढहने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि तीन शव बरामद कर लिए गए हैं और दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Uttarakhand heavy rain Update: देहरादून में क्लाउडबर्स्ट, आईटी पार्क डूबा
वहीं, उत्तराखंड के देहरादून में सोमवार रात क्लाउडबर्स्ट की वजह से भारी तबाही मची। तपोवन, सहस्त्रधारा और आईटी पार्क क्षेत्र में पानी भर गया। कई मकान जलमग्न हो गए और करलीगाड़ नाले के उफान से आसपास का इलाका डूब गया। यहां एक पुल बह गया और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा।
स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने देवभूमि इंस्टीट्यूट में फंसे 200 छात्रों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एसडीआरएफ ने बताया कि टीम ने कठिन हालात के बावजूद छात्रों को सुरक्षित निकालने में सफलता पाई।
धामी सरकार सक्रिय, पीएम मोदी और शाह से बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहस्त्रधारा, रायपुर और मालदेवता समेत प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा- "मकानों और सरकारी संपत्तियों को काफी नुकसान हुआ है। आजीविका प्रभावित हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने फोन पर बात कर पूरी मदद का आश्वासन दिया है। सभी विभाग राहत कार्य में लगे हुए हैं।"
देहरादून के मालदेवता इलाके में 100 मीटर लंबी सड़क बह गई। आईटी पार्क में पानी घुसने से दफ्तर और गाड़ियां डूब गईं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सहस्त्रधारा, मालदेवता और मसूरी से नुकसान की खबरें आ रही हैं। दो-तीन लोगों के लापता होने की सूचना है और मसूरी से एक मौत की खबर भी आई है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
Himachal cloudburst: शिमला में भी भूस्खलन, गाड़ियां मलबे में दबीं
बारिश और बाढ़ के कारण धरमपुर बस अड्डा पूरी तरह जलमग्न हो गया। यहां खड़ी हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की दो दर्जन से ज्यादा बसें बह गईं। दुकानों, मकानों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। एक व्यक्ति के लापता होने की भी खबर है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा- "धरमपुर बस अड्डे, दो दर्जन से अधिक बसों, दुकानों और वर्कशॉप को नुकसान पहुंचा है। हालात गंभीर हैं और प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।"
राजधानी शिमला में 12 घंटे में 141 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से भूस्खलन हुआ और कई वाहन मलबे में दब गए। हिमलैंड के पास मुख्य सर्कुलर रोड ब्लॉक हो गया जिससे स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र (SEOC) के अनुसार, प्रदेश में 650 सड़कें, जिनमें तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं, बंद हो चुकी हैं। 1,200 से अधिक ट्रांसफॉर्मर और 160 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। 20 जून से अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 412 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications