UP Lok Sabha Chunav: अखिलेश यादव की रैलियों में क्यों बेकाबू हो रहे सपा समर्थक? आजमगढ़ में भी हुड़दंग
Uttar Pradesh Lok Sabha Election: यूपी के आजमगढ़ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की एक रैली में पार्टी समर्थकों ने भगदड़ जैसी स्थिति पैदा कर दी। दो दिनों में कम से कम यह तीसरा मामला है, जिसमें सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही जमकर बवाल किया है।
आजमगढ़ में बवाल के बीच समाजवादी पार्टी समर्थकों ने कार्यक्रम के लिए लगाए गए लाउडस्पीकर भी खोल लिए। इस घटना के दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी मंच पर मौजूद थीं।

आजमगढ़ में अखिलेश की रैली में बेकाबू हुए सपा कार्यकर्ता
रिपोर्ट के मुताबिक आजमगढ़ में अखिलेश यादव को देखने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक इतने ज्यादा उत्साहित थे कि उन्होंने एक-दूसरे से धक्का-मु्ककी शुरू कर दी और लकड़ी की बैरिकेडिंग के ऊपर भी चढ़ गए।
मंच की ओर बढ़ने के लिए धक्का-मुक्की से शुरू हुई यह स्थिति बहुत ही जल्दी बिगड़ गई और लोग बेकाबू हो गए, जिससे वहां पूरी तरह से अव्यवस्था फैल गई।
पुलिस को करनी पड़ी हल्की लाठीचार्ज
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि हालात को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हल्की लाठीचार्ज तक करनी पड़ गई। इसपर पार्टी समर्थकों की ओर से पुलिस पर चप्पल और ईंटें भी फेंकने की रिपोर्ट है। इस दौरान अखिलेश यादव और मंच पर मौजूद अन्य नेताओं ने लोगों से शांत होने की अपील की, लेकिन दुर्भाग्य से उसका कोई असर नहीं दिखा।
इस लोकसभा चुनाव में यह लगातार तीसरी बार है, जब अखिलेश की रैलियों में उनके समर्थक उन्हें देखने और उनके करीब तक पहुंचने के लिए इस कदर बेकाबू हुए हैं। इससे पहले संत कबीर नगर और प्रयागराज के फूलपुर में भी इसी तरह से बहुत ही अप्रिय हालात पैदा हो चुके हैं।
संत कबीर नगर में समर्थकों की धक्का-मुक्की में घिर गए थे अखिलेश
संत कबीर नगर में तो जब अखिलेश यादव सभा के लिए पहुंचे तो उनके समर्थकों ने उनकी कार तक पहुंचने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। वहां तो अखिलेश को भी समर्थकों की धक्का-मुक्की का शिकार होना पड़ गया। बाद में पुलिस ने किसी तरह से सुरक्षा घेरा बनाकर सपा नेता को मंच पर सुरक्षित पहुंचाया।
यहां सपा नेता की सभा में पार्टी समर्थकों ने बैरिकेडिंग ही नहीं तोड़ी थी, बल्कि कुर्सियां और कूलर भी तोड़ डाले थे।
फूलपुर में भी दिख चुका है अप्रिय नजारा
वहीं सोमवार को ही प्रयागराज के फूलपुर में भी इसी तरह से सपा कार्यकर्ताओं ने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया था। पार्टी समर्थक किसी भी तरह से मंच की ओर बढ़ना चाहते थे। तब अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बीच में ही रैली छोड़कर निकल जाना पड़ा।
आजमगढ़, संतकबीर नगर और फूलपुर तीनों ही लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान है।












Click it and Unblock the Notifications