दिल्ली के ट्रैफिक जाम ने अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी को भी नहीं बख्शा!
दिल्ली। दिल्ली के ट्रैफिक जाम से तो यहां के आम लोगों का पाला रोज ही पड़ता है लेकिन इस जाम ने सोमवार की शाम को अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन कैरी को भी नहीं बख्शा। दिल्ली में एयरपोर्ट के बाहर भारी बारिश के बाद लगे जाम में अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी फंस गए।

एक घंटे से ज्यादा जाम में फंसे रहे जॉन कैरी
विदेश मंत्री जॉन कैरी का काफिला दिल्ली के जाम में एक घंटे से ज्यादा समय के लिए फंस गया। उनका विशेष विमान सोमवार की शाम में दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। हालांकि उनको एयरपोर्ट से होटल तक ले जाने के लिए खास इंतजाम किए गए थे लेकिन भारी बारिश के बाद लगे जामों ने उन इंतजामों पर पानी फेर दिया।
भारी बारिश के बाद जाम हुई दिल्ली
दिल्ली में भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलजमाव की वजह से कई जगहों पर लंबा जाम लगा था। जब एयरपोर्ट से जॉन कैरी का काफिला निकला तो सबसे पहले दिल्ली कैंट के पास फंसा। वहां के जाम से निकला तो चाणक्यपुरी इलाके में लगे जाम में फंस गया। इस तरह से जाम से फंसते निकलते जॉन कैरी अपने होटल तक पहुंचे।
इस मकसद से भारत भेजे गए हैं जॉन कैरी
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी दिल्ली में मंगलवार को आयोजित भारतीय अमेरिकी सामरिक एवं वाणिज्यिक संवाद में भाग लेने के लिए भारत आए हैं।
बुधवार को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल से मिलकर द्विपक्षीय मुद्दों पर वार्ता करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications