UPI से ₹2,000 तक पेमेंट पर नहीं लगेगा चार्ज, इससे ज्यादा पर क्या होगा? 10 सवाल-जवाब में दूर कीजिए हर कंफ्यूजन

अगर आप रोज दुकान, ऑनलाइन शॉपिंग या किसी को पैसे भेजने के लिए UPI इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने UPI पेमेंट को लेकर चल रही फीस की चर्चा के बीच स्थिति साफ कर दी है। वित्त मंत्रालय ने 14 सितंबर को अधिसूचना जारी कर बताया कि ₹2,000 तक के UPI पेमेंट पर बैंक या पेमेंट सिस्टम प्रोवाइडर सीधे या किसी दूसरे तरीके से फीस नहीं लगा सकते। इस दायरे में RuPay डेबिट कार्ड से होने वाले पेमेंट भी शामिल हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ₹2,000 से ऊपर के पेमेंट का क्या होगा। क्या बैंक मनमानी फीस लेना शुरू कर देंगे? क्या दोस्त या परिवार को ₹5,000 भेजने पर भी पैसे कटेंगे? क्या दुकानदारों से MDR लिया जाएगा? इन सभी सवालों को आसान भाषा में समझिए। ऐसे में आइए 10 सवाल-जवाब से समझिए पूरा मामला।

UPI 2000 Payment Charge

1. क्या ₹2,000 UPI से लेन-देन की नई लिमिट तय हुई है?

जवाब: नहीं। ₹2,000 को यूपीआई की नई ट्रांजैक्शन लिमिट समझना गलत होगा। आप यूपीआई के जरिए इससे कहीं ज्यादा रकम भेज सकते हैं। सरकार ने सिर्फ यह तय किया है कि ₹2,000 तक के पेमेंट पर फीस नहीं लगाई जा सकती। यानी यह रकम पेमेंट की अधिकतम सीमा नहीं, बल्कि फिलहाल फीस से सुरक्षित पेमेंट की सीमा है।

2. ₹2,000 से ज्यादा भेजने पर अभी पैसे कटेंगे?

जवाब: अभी नहीं। अगर आप ₹2,500, ₹5,000 या ₹10,000 का यूपीआई पेमेंट करते हैं तो सिर्फ रकम ₹2,000 से ज्यादा होने के कारण कोई नई फीस अपने आप लागू नहीं हो जाती। इसके लिए सरकार को आगे अलग नियम बनाकर फीस की सीमा और दर तय करनी होगी। यानी फिलहाल ₹2,000 से ज्यादा के यूपीआई पेमेंट को लेकर जो चर्चा है, उसे तुरंत लागू हो चुका चार्ज नहीं माना जा सकता।

3. ₹2,000 से ज्यादा के पेमेंट्स को लेकर इतनी बहस क्यों छिड़ी है?

जवाब: इसकी मुख्य वजह मर्चेंट पेमेंट्स हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के मुताबिक दुकानदारों को किए गए कुल यूपीआई लेन-देन में सिर्फ 4% ट्रांजैक्शन ही ₹2,000 से बड़े थे, लेकिन पैसों के हिसाब से इनकी हिस्सेदारी कुल रकम की करीब दो-तिहाई थी।

4. क्या बैंक खुद अपनी मर्जी से ₹2,000 से बड़े अमाउंट पर चार्ज वसूल सकते हैं?

जवाब: नहीं, कोई भी बैंक या Google Pay, PhonePe जैसा पेमेंट ऐप खुद से फीस नहीं थोप सकता। इसके लिए केंद्र सरकार का गजट नोटिफिकेशन और नियम जरूरी होंगे।

5. दोस्त को ₹10,000 भेजेंगे तो क्या चार्ज लगेगा?

जवाब: यहां P2पP यानी व्यक्ति से व्यक्ति को भेजे जाने वाले पेमेंट को समझना जरूरी है। अगर आप अपने दोस्त, रिश्तेदार या परिवार के किसी सदस्य को ₹5,000 या ₹10,000 भेजते हैं, तो ऐसे पेमेंट को लेकर आम यूजर से फीस लेने की बात नहीं है। फीस की चर्चा मुख्य तौर पर मर्चेंट यानी दुकान या कारोबारी को किए जाने वाले बड़े पेमेंट को लेकर है।

6. मर्चेंट पेमेंट पर किस तरह की फीस की बात हो रही है?

जवाब: अगर आगे सरकार कोई व्यवस्था लागू करती है, तो चर्चा मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR की है। आसान भाषा में समझें तो यह डिजिटल पेमेंट स्वीकार करने की सुविधा के बदले दुकानदार या कारोबारी से लिया जाने वाला शुल्क होता है। कार्ड पेमेंट में इस तरह का शुल्क पहले से इस्तेमाल होता रहा है। यूपीआई को लेकर संभावित व्यवस्था में भी बात मुख्य तौर पर बड़े और चुनिंदा मर्चेंट पेमेंट की हो रही है।

7. MDR लागू हुआ तो कितना चार्ज देना होगा?

जवाब: अभी इसकी दर तय नहीं हुई है। सरकार ने सिर्फ यह संकेत दिया है कि अगर एमडीआर लागू किया जाता है तो इसकी दर बहुत मामूली रखी जाएगी। यह डेबिट या क्रेडिट कार्ड से जुड़े एमडीआर की तुलना में काफी कम होने की बात कही गई है। इसलिए अभी किसी तय प्रतिशत या रकम को यूपीआई चार्ज मानना सही नहीं होगा।

UPI 2000 Payment Charge Rupay Debit card fees mdr

MDR को लेकर एक सवाल ये भी है कि क्या आम ग्राहकों से भी सीधे पैसे काटे जाएंगे? तो अभी ऐसा कोई नियम लागू नहीं है जिसमें ग्राहक से सीधे एमडीआर लेने की बात हो। एमडीआर की चर्चा मुख्य तौर पर मर्चेंट यानी दुकानदार या कारोबारी से जुड़े शुल्क के रूप में हो रही है। ग्राहक से सीधे कोई फीस ली जाएगी या नहीं, यह भविष्य में बनाई जाने वाली व्यवस्था पर निर्भर करेगा।

वित्त मंत्रालय (आधिकारिक बयान) ने कहा, "संसद में बिल पास होने के बाद हमने साफ कर दिया था कि छोटे लेन-देन पर कोई चार्ज नहीं लगेगा। आम नागरिकों के लिए यूपीआई को पूरी तरह फ्री रखने की नीति जारी रहेगी। यह कानून इसलिए बदला गया है ताकि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत रखा जा सके।"

8. सरकार ने कानून में बदलाव क्यों किया?

अगस्त में संसद ने टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) एक्ट, 2026 पास किया था। इसके जरिए पेमेंट एंड सेटलमेंट सिस्टम्स एक्ट, 2007 की धारा 10ए में बदलाव किया गया। इस बदलाव से सरकार को यह तय करने का अधिकार मिला कि किन डिजिटल पेमेंट पर फीस नहीं ली जाएगी। इसके बाद यह चर्चा शुरू हुई कि क्या ₹2,000 से ज्यादा के यूपीआई पेमेंट पर शुल्क लगाया जा सकता है। अब 14 सितंबर की अधिसूचना में ₹2,000 तक के पेमेंट को फीस से बाहर रखने की बात साफ कर दी गई है।

9. क्या सरकार UPI को महंगा करना चाहती है?

सरकार ने ऐसा नहीं कहा है। उसकी नीति आम यूजर के लिए यूपीआई को मुफ्त बनाए रखने की है। साथ ही डिजिटल पेमेंट सिस्टम को लंबे समय तक मजबूत रखने की जरूरत भी बताई गई है। UPI के नेटवर्क को सुरक्षित रखना, साइबर फ्रॉड से बचाव, तकनीकी अपग्रेड और सिस्टम को लगातार मजबूत करना खर्चीला काम है। कानून में बदलाव को इसी लंबे समय की जरूरत से जोड़कर देखा जा रहा है।

10. भारत में UPI का नेटवर्क कितना बड़ा है?

UPI अब सिर्फ छोटे पेमेंट का जरिया नहीं रह गया है। जुलाई 2026 तक 741 बैंक यूपीआई नेटवर्क से जुड़े थे। अकेले जुलाई में करीब 2,366 करोड़ यूपीआई ट्रांजैक्शन हुए।

इनकी कुल रकम करीब ₹29.88 लाख करोड़ रही। वित्त वर्ष 2025-26 में देश के कुल डिजिटल पेमेंट में यूपीआई की हिस्सेदारी करीब 84 प्रतिशत रही। यानी चाय की दुकान पर छोटा पेमेंट हो या ऑनलाइन खरीदारी,UPI आम जिंदगी का बड़ा हिस्सा बन चुका है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+