गुजरात में 'भाग्यशाली' कार को दी समाधि, अनुष्ठान में 1500 लोग हुए शामिल, स्मारक भी बनवाया
Gujarat News: आपने ढोल नगाड़ों के साथ पालतू जानवर या किसी संत-महात्वा को समाधि दिए जाने की खबरें तो खुब सुनी होगी। लेकिन, क्या कभी आपने सुना है कि किसी ने अपनी कार को समाधि दी हो..नहीं ना। लेकिन, ऐसा ही एक अनोखा मामला गुजरात के अमरेली जिले से सामने आया है। यहां एक किसान ने अपनी पुरानी कार को समाधि दी है। समाधि देने के बाद कार का स्मारक भी बनवाया है।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, अपनी भाग्यशाली कार को समाधि देने के लिए किसान ने बाकायदा विधि-विधान से पूजा-पाठ किया गया और पूरे गांव में धूमधाम से कार्यक्रम का आयोजन भी किया। कार्यक्रम में संतों सहित लगभग 1,500 लोग शामिल हुए। यह समारोह लाठी तालुका के पदारशिंगा गांव में संजय पोलारा और उनके परिवार द्वारा आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में 12 साल पुरानी वैगन आर कार को फूलों और मालाओं से सजाया गया था।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें किसान के परिवार को अपने खेत में अनुष्ठान करते हुए दिखाया गया है। कार को दफनाने के लिए ढलान और 15 फीट गहरा गड्ढा तैयार किया गया था। कार को संजय पोलारा के घर से खेत तक बहुत धूमधाम (ढोल-नगाड़े और डीजे के साथ) से लाया गया और फिर समाधि दे दी गई। समारोह के दौरान, कार को हरे कपड़े से ढक दिया गया और परिवार के सदस्यों ने पूजा करके और गुलाब की पंखुड़ियाँ बरसाकर उसे विदाई दी।
पूरे अनुष्ठान के दौरान पुजारियों ने मंत्रोच्चार किया। फिर एक खुदाई मशीन का उपयोग करके कार पर मिट्टी डाली गई और कार को दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। बता दें, सूरत में कंस्ट्रक्शन का कारोबार करने वाले संजय पोलारा ने इस अनोखी विदाई के पीछे की कहानी बताई। उन्होंने कहा कि मैंने यह कार करीब 12 साल पहले खरीदी थी और इससे परिवार में खुशहाली आई। कारोबार में सफलता के अलावा मेरे परिवार को सम्मान भी मिला।
समारोह में 4 लाख रुपए किए खर्च
संजय पोलारा ने इस भव्य समारोह पर 4 लाख रुपए खर्च किए। साथ ही, समाधि स्थल पर स्मारक भी बनवाया। उन्होंने बताया कि यहां एक पेड़ लगाने की योजना भी है। उन्हें उम्मीद है कि यह आने वाली पीढ़ियों को परिवार की भाग्यशाली कार के नीचे पड़ी होने की याद दिलाएगा। समाधि समारोह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ और इसमें धार्मिक हस्तियों ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications