चाचा ने 35 लाख की फिरौती के लिए भतीजी के अपहरण की रची साजिश, CCTV में कैद हुई घटना
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शकरपुर में एक युवक को अपने सगे भाई से 35 लाख रुपए फिरौती मांगने के लिए चार वर्षीय अपनी ही भतीजी को अगवा करने की साजिश रचने का खुलासा हुआ है, लेकिन अपहरण की उसकी सारी कोशिश तब धरी की धरी रह गई जब बच्ची के चिल्लाने पर पड़ोसियों ने अगवा करने आए मोटरसाइकिल सवारों को घेर लिया, तो आरोपी बाइक और हथियार छोड़कर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

वारदात गत मंगलवार को घटित हुआ। आरोपी युवक रिश्ते में पीड़ित बच्ची का चाचा है। आरोपी ने भतीजी को अगवा कराने के लिए अपने दो दोस्तों को घर पर भेजा था, लेकिन बच्ची रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी और परिजनों ने आरोपियों को घेर लिया और खुद को घिरा देख आरोपी हथियार और बाइक दोनों मौके पर छोड़कर भागने में सफल रहे।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात फुटेज और बाइक से जांच के बाद खुलासा हुआ कि घटना के पीछे पीड़ित बच्ची का सगा चाचा था। पुलिस ने बच्ची के चाचा उपेंद्र गुप्ता उर्फ बिट्टू और वारदात के लिए बाइक देने वाले धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब अगवा करने का प्रयास करने वाले दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

गौरतलब है पीड़ित बच्ची परिवार के साथ शकरपुर के सुंदरम ब्लॉक में रहती है। उसके पिता तरुण गुप्ता कपड़े का कारोबार करते हैं। मंगलवार को शाम करीब 4 बजे बच्ची अपने घर के अंदर खेल रही थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बच्ची को अगवा करने का प्रयास करने लगे। बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। आवाज सुनकर बच्ची की मां घर से बाहर आई और शोर मचा दिया।

महिला का शोर सुनकर पड़ोसी भी बाहर आ गए और दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए घेर लिया, लेकिन हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल निकालकर लहराते हुए वहां से भागन में कामयाब हो गए। हालांकि एक बदमाश को पड़ोसियों ने लगभग पकड़ लिया था, लेकिन अंततः वह भी फरार होने में कामयाब हो गया। हालांकि इस दौरान अगवा में शामिल बाइक और बैग उनका मौके पर छूट गया, जिसमें पिस्टल और कारतूस रखे हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications