जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों में मुठभेड़, घर में छिपे हैं आतंकी
आतंकी एक घर में छुपकर और घर के लोगों को ढाल बनाकर सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर रहे हैं।
जम्मू। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों और आंतकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबलों को अनंतनाग के दयालगाम गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि 2 से 3 आतंकी एक घर में छिपे हुए हैं। आतंकियों की फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई है। आतंकी घर के लोगों को ढाल बनाकर फायरिंग कर रहे हैं। सुरक्षाबलों ने इस घर को घेरा हुआ है। फिलहाल मुठभेड़ जारी है।

गौरतलब है कि आतंकी बुरहान वानी की बरसी को लेकर घाटी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इंटेलीजेंस ब्यूरों (आईबी) की ओर से सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आठ जुलाई को हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकवादी बुरहान वानी की मौत को एक वर्ष पूरा हो जाएगा। वानी की बरसी पर अलगाववादी नेताओं की ओर से बड़े कार्यक्रम की तैयारी की गई है। इसमें कई आतंकवादियों के शामिल होने की भी आशंका है।
आईबी के अलर्ट में कहा गया है कि ये लोग बड़े पैमाने पर घाटी में हिंसा फैला सकते हैं। इसके अलावा इसी मौके पर हो सकता है कि हिजबुल के आका सैय्यद सलाउद्दीन को अमेरिका की ओर से आतंकी घोषित किए जाने का विरोध भी हो। घाटी में सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। अथॉरिटीज ने फैसला किया है कि छह जुलाई को खुलने वाली तमाम शिक्षण संस्थाओं को 10 दिन बाद खोला जाएगा। इसके अलावा घाटी के ज्यादातर हिस्सों में कर्फ्यू भी लगाया जाएगा। सात जुलाई से कर्फ्यू शुरू हो जाएगा। इस कर्फ्यू को कब हटाया जाए इसका फैसला स्थिति को देखने के बाद लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications